Krishna Janmashtami: मेरठ में जन्माष्टमी की धूम, 1000 क्विंटल फूलों से सजेगा श्रीकृष्ण का भव्य फूल-बंगला

मेरठ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां अंतिम दौर में हैं. औघड़नाथ मंदिर में 1000 क्विंटल फूलों से फूल-बंगला बनेगा.

X
Ashutosh Rai

चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी. मेरठ के प्रमुख मंदिरों में सजावट, झांकियों और पूजा की तैयारियां पूरी की जा रही हैं. श्रद्धालुओं के लिए कई जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है.

256 वस्तुओं का भोग और भव्य फूल-बंगला

इस्कान शास्त्रीनगर की ओर से गढ़ रोड स्थित ला फ्लोरा रिसोर्ट में जन्माष्टमी महामहोत्सव होगा. कार्यक्रम शाम साढ़े छह बजे शुरू होगा. इसमें महाअभिषेक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, महाआरती, जप स्टाल और प्रसादम मुख्य आकर्षण होंगे. वृंदावन का रॉक बैंड ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ की प्रस्तुति देगा. रात 12 बजे श्रीराधाकृष्ण का 11 पदार्थों से अभिषेक किया जाएगा. पांच समूह 256 तरह के व्यंजनों का भोग लगाएंगे. कृष्ण लीला, जन्म लीला और द्वारका-रुक्मिणी-सत्यभामा प्रसंग भी प्रस्तुत किए जाएंगे. भगवान के लिए फूल-बंगला और दिव्य झूला सजाया जाएगा.

सर्राफा बाजार में सोने के हीरे जड़ित मुकुट

औघड़नाथ मंदिर के श्रीराधा गोविंद मंदिर को वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर की तर्ज पर सजाया जा रहा है. करीब 1000 क्विंटल फूलों से फूल-बंगला तैयार होगा, जिसकी सजावट वृंदावन के कारीगर करेंगे. मंदिर के रास्तों पर एलईडी झांकियां लगाई गई हैं. रात 11:30 बजे आरती और 12 बजे पंचामृत अभिषेक होगा. पांच सितंबर को श्रीराधाकृष्ण चांदी के झूले पर दर्शन देंगे. सर्राफा बाजार के श्री महादेव जी मंदिर में राधाकृष्ण को सोने के आभूषण और हीरे जड़ित मुकुट पहनाए जाएंगे. लड्डू गोपाल चांदी के पालने में विराजेंगे. गंगानगर और नंगला बट्टू समेत कई इलाकों में मेले व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे.


वृंदावन के कारीगरों द्वारा फूल-बंगला भी सजाया जाएगा. प्रसाद वितरण रात साढे ग्यारह बजे होगा. आठ सितंबर को मंदिर से भगवान श्रीराधाकृष्ण की 113वीं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. संरक्षक सर्वेश कुमार, अनिल रस्तोगी, मुख्य संयोजक गौरव शारदा, विजय आनंद अग्रवाल, नरेश चंद माहेश्वरी, अशोक कुमार, अनिल वर्मा व अन्य मौजूद रहे.