IIM Lucknow BS Course: 12वीं के बाद IIM लखनऊ से करें AI की पढ़ाई, JEE Advanced से होगा एडमिशन; टेक-MBA का भी मिलेगा मौका
IIM लखनऊ ने 12वीं पास छात्रों के लिए बीएस इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड बिजनेस एनालिटिक्स कोर्स शुरू किया है.
भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) लखनऊ ने तकनीक और प्रबंधन के क्षेत्र में नया कदम उठाते हुए चार वर्षीय बीएस इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड बिजनेस एनालिटिक्स कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है. यह कोर्स 12वीं के बाद छात्रों को आधुनिक तकनीक और बिजनेस की पढ़ाई का नया अवसर देगा.
एआई और बिजनेस की पढ़ाई का नया मौका
IIM लखनऊ का यह नया कोर्स उन छात्रों के लिए तैयार किया गया है जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बिजनेस एनालिटिक्स जैसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में करियर बनाना चाहते हैं. नए सत्र से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में कुल 60 सीटें उपलब्ध हैं. खास बात यह है कि प्रवेश प्रक्रिया में जेईई एडवांस्ड को आधार बनाया गया है. संस्थान के अनुसार अब तक 450 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें जेईई एडवांस्ड के शीर्ष रैंक वाले छात्र भी शामिल हैं. इससे साफ है कि छात्रों के बीच इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है.
मेधावी छात्रों को मिलेगा विशेष लाभ
IIM लखनऊ के निदेशक प्रो. एमपी गुप्ता ने बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं को नई तकनीकों के साथ काम करने के लिए तैयार करेगा. उन्होंने कहा कि संस्थान मेधावी छात्रों के लिए फीस में विशेष छूट देने की योजना भी बना रहा है. इससे आर्थिक रूप से सक्षम और प्रतिभाशाली छात्रों को बेहतर अवसर मिल सकेंगे. संस्थान का मानना है कि भविष्य में एआई और डेटा आधारित निर्णय लेने की मांग बढ़ेगी, ऐसे में यह कोर्स छात्रों को उद्योग की जरूरतों के अनुसार तैयार करेगा. आवेदन की अंतिम तिथि तीन जुलाई तय की गई है.
Also Read
ड्यूल डिग्री का भी मिलेगा विकल्प
इस कार्यक्रम की एक और बड़ी खासियत ड्यूल डिग्री का विकल्प है. छात्रों को तीसरे वर्ष की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद टेक-एमबीए कार्यक्रम में प्रवेश लेने का मौका मिलेगा. इसके बाद वे अपनी पढ़ाई को एकीकृत ड्यूल डिग्री कार्यक्रम में बदल सकेंगे. प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों का 10+2 में भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित विषयों के साथ उत्तीर्ण होना जरूरी है. साथ ही जेईई एडवांस्ड 2026 में योग्य होना भी अनिवार्य रहेगा. चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक प्रदर्शन और जेईई स्कोर दोनों को महत्व दिया जाएगा.
महत्वपूर्ण तिथियां
- आवेदन की अंतिम तिथि : तीन जुलाई
- प्रथम चयन सूची : 10 जुलाई
- द्वितीय चयन सूची 23 जुलाई
- रिपोर्टिंग एवं पंजीकरण : 17 अगस्त
- शैक्षणिक सत्र प्रारंभ : 18 अगस्त