'हाथरस हादसे की जांच करेगी SIT...', घटनास्थल के दौरे के बाद CM योगी ने कर दिया ऐलान

Hathras Stampede: हाथरस में मंगलवार को हुई भगदड़ के बाद आज सीएम योगी आदित्यनाथ खुद हाथरस के दौरे पर पहुंचे. उन्होंने यह भी कहा कि सेवादारों ने पहले तो मामले की दबाने की कोशिश की थी. सीएम योगी ने कहा है कि मामले की तह तक जाने के लिए इसकी जांच SIT से कराई जाएगी. इस हादसे में अभी तक कुल 121 लोगों की मौत हुई है.

CM Yogi Adityanath
India Daily Live

उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई भगदड़ में कुल 121 लोगों की मौत हुई है. खुद सीएम योगी आदित्यनाथ आज हाथरस पहुंचे. पहले अस्पताल में भर्ती लोगों से मुलाकात फिर घटनास्थल का दौरा करने के बाद सीएम योगी ने इसके बारे में विस्तार से बात की. सीएम योगी ने ऐलान किया है कि इस हादसे की जांच एसआईटी से कराई जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि इस हादसे में उत्तर प्रदेश के 16 जिलों के लोगों की जान गई है. यूपी के अलावा, एमपी, राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों के लोग भी हादसे में मारे गए हैं.

इस हादसे के बारे में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विस्तार से बताया है. उन्होंने कहा कि हादसे में मारे गए लोगों के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने आर्थिक सहायता का ऐलान किया है. प्रवचन करने आए 'भोले बाबा' के खिलाफ एफआईआर न होने के सवाल पर सीएम योगी ने कहा है, 'पहले FIR उनके खिलाफ होती है जिनके खिलाफ शिकायत दी जाती है. उसके बाद इसका दायरा बढ़ता है.'

SIT के गठन के बारे में सीएम योगी ने कहा, 'एक एसआईटी गठित की गई है. एडीजी आगरा इसकी अगुवाई करेंगी. इस टीम ने प्रारंभिक रिपोर्ट दी है. कई ऐसे पहलू हैं जिन पर जांच होनी बहुत जरूरी है. राज्य सरकार ने एक न्यायिक जांच कराने का भी फैसला किया है जिसकी अगुवाई हाई कोर्ट के एक रिटायर्ड जज करेंगे. रिटायर हो चुके वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस के पूर्व अधिकारी भी इसका हिस्सा होंगे.'