गाजियाबाद में घर में घुसकर युवक ने दो बहनों पर बरसाई गोलियां, शादी टूटने से था नाराज
गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में एक युवक ने घर में घुसकर दो सगी बहनों को गोली मार दी. दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं. पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
गाजियाबाद: यूपी के जनपद गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने कथित तौर पर घर में घुसकर दो बहनों पर गोली चला दी. वारदात में 20 वर्षीय खुशी और 18 वर्षीय निधि गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों का इलाज दिल्ली के अस्पताल में चल रहा है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी का बड़ी बहन से पहले विवाह संबंध तय हुआ था, जो कुछ महीने पहले टूट गया था. पुलिस अब इसी पहलू को केंद्र में रखकर जांच कर रही है.
यह घटना खोड़ा के आदर्श नगर स्थित वाल्मीकि चौक इलाके में सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक गोलियों की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए. मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दो युवतियां घायल अवस्था में पड़ी हैं. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों बहनों को अस्पताल पहुंचाया गया.
शादी का रिश्ता टूटने के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान जॉनी के रूप में हुई है, जो पुराना बस अड्डा बारादरी क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, खुशी और आरोपी के बीच पहले शादी का रिश्ता तय हुआ था. करीब चार महीने पहले यह रिश्ता समाप्त हो गया था. जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि कहीं इसी कारण आरोपी ने यह कदम तो नहीं उठाया.
Also Read
वारदात से पहले गली में घूमता रहा आरोपी
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी घटना से पहले काफी देर तक गली में नजर आया था. इसके बाद वह घर की ऊपरी मंजिल तक पहुंच गया. बताया जा रहा है कि जब बहनों ने उसके हाथ में हथियार देखा तो उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया. आरोप है कि आरोपी ने कमरे की खिड़की का शीशा तोड़ने के बाद फायरिंग शुरू कर दी.
गोलियों की आवाज से मचा हड़कंप
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े. हालांकि तब तक आरोपी वहां से भाग चुका था. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया. पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया जा सके.
गिरफ्तारी के लिए कई टीमों की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं. अधिकारियों का कहना है कि संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. वहीं दोनों बहनों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है.