गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात, 80 वर्षीय बुजुर्ग ने पत्नी को काट डाला, कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा पुलिस चौकी
गाजियाबाद के मुरादनगर में 80 वर्षीय बुजुर्ग ने अपनी 72 साल की पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंचकर सरेंडर कर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है कि जिसने सुना, कानों पर हाथ रखने का मजबूर हो गया. एक बुजुर्ग ने जीवन भर साथ निभाने वाली हमसफर को ही कुल्हाड़ी से काट डाला. इस विभत्स घटना को अंजाम देने के बाद बुजुर्ग खुद ही खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया. तड़के करीब चार बजे पुलिस वाले अचानक बुजुर्ग को चौकी पर देख चौंक गए, लेकिन जब उसने पूरी बात बताई तो कुछ देर के लिए तो मानों सुन्न ही पड़ गए. ऊपर से बुजुर्ग ने अपनी पत्नी पर जो आरोप लगाया वह झकझोर देने वाला था. उम्र के इस पड़ाव पर पति के द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने की घटना को लेकर पूरे इलाके चर्चाओं का बाजार गर्म है.
चार बजे खुद ही पुलिस चौकी पहुंच गया हरपाल
मुरादनगर थानाक्षेत्र के रावली गांव में एक 80 साल के बुजुर्ग हरपाल पुत्र खचेडू ने अपनी 72 साल की पत्नी उर्मिला को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया और शनिवार तड़के करीब चार बजे ही रावली चौकी पहुंचकर खुद पुलिस के सामने सरेंडर हो गया. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हरपाल मोरटा का रहने वाला है लेकिन फिलहाल अपनी पत्नी के साथ रावली गांव स्थित बेटी कंचन के घर में रह रहा था. शुरूआती जांच में पुलिस का पता चला है कि हरपाल को अपनी पति के चरित्र पर शक था, हालांकि उसके धेवते ने हरपाल की मानसिक स्थिति सही न होने की बात कही है.
कनपटी पर कुल्हाड़ी से वार किए
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची. बुजुर्ग महिला चारपाई पर पड़ी थी और कनपटी से खून बह रहा था, हरपाल ने कनपटी पर ही कुल्हाड़ी से वार किया था. पुलिस महिला को लेकर तत्काल मुरादनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची जहां उपचार के दौरान महिला ने कुछ देर में ही दम तोड़ दिया. घटना के समय कंचन के दोनों बेटे अजय और कुणाल भी घर में सो रहे थे, जबकि कंचन अपने पति के साथ मेरठ गई हुई थी. कुणाल के मुताबिक उसके नाना की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, उनका अक्सर नानी के साथ झगड़ा होता था.
पुलिस ने मामले में क्या कहा?
एसीपी मसूरी भास्कर वर्मा ने बताया कि हरपाल ने स्वयं पुलिस चौकी पहुंचकर पत्नी की हत्या का जुर्म कबूल किया है. 80 वर्षीय हरपाल पुत्र खचेडू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है, शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.