पानी में आग लगा लूट लेते थे महिलाओं के गहने, पुलिस ने धर दबोचा ठगों का गैंग
Gangs of Thugs Viral video: नोएडा पुलिस ने एक ऐसे ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है जो महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी करता था. यह गिरोह भोली-भाली महिलाओं के घरों में घुसकर खुद को बाबा बताता था और फिर विश्वास में लेकर उनके गहने और नकदी लूट लेता था. पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ का वीडियो भी जारी किया है जिसमें आरोपी अपने अपराधों को कबूल करते हुए अपनी पूरी कहानी बता रहे हैं.
सोशल मीडिया पर आए दिन कुछ न कुछ ऐसे वीडियो देखने को मिलते हैं जो हैरान कर देते हैं. इस बीच सोशल मीडिया पर नोएडा पुलिस का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें पुलिस ने ठगों का एक ऐसा गैंग पकड़ा है जो न सिर्फ भोली-भाली गरीब महिलाओं को ठगता था बल्कि उनकी परेशानियों का फायदा उठाकर गहने और पैसों की लूट भी करता था.
पुलिस ने जारी किया ठगी करने का वीडियो
यह वीडियो उत्तर-प्रदेश के नोएडा जोन के एक्सप्रेस वे थाना का है जिसमें पुलिस दबोचे गए ठगों से उनके लूट करने के तरीके के बारे में पूछताछ करती नजर आ रही है. इस पूछताछ में ठग न सिर्फ अपनी ठगी के तरीके के बारे में बताते हैं बल्कि कैसे महिलाओं को अपने जाल में फंसाते हैं उसका एक डेमो भी दिखाते हैं.
महिलाओं के दिमाग से खेलते थे ठग
इस वीडियो में मुख्य आरोपी बताता है कि जब वो किसी महिला के घर पर जाते हैं तो वो खुद को अजमेर शरीफ का भगत बताते हैं. महिलाओं को अपने जाल में फंसाने के लिए वो साइकॉल्जी का इस्तेमाल करते हुए कहते हैं कि आप के घर में एक बच्चा ऐसा है जो आपकी बात नहीं मानता है या फिर आप सभी के मुश्किल समय में साथ खड़ी होती हैं लेकिन आपके खराब दिनों में कोई आपका साथ नहीं देता है.
ऐसी बातें करने पर ज्यादातर महिलाओं को लगता है कि भगत सच में पहुंचे हुए हैं और उनके घर परिवार की परेशानी के बारे में जानते हैं. इसके बाद बाबा घर की परेशानियों को दूर करने के लिए विज्ञान का सहारा लेते हुए पानी में आग लगाकर दिखाता था जिससे बचा हुआ शक भी पूरी तरह से खत्म हो जाता है.
जादू दिखाने के लिए पानी में लगा देते थे आग
इसके लिए ठगों का गैंग सोडियम हाइड्रोक्साइड को अपने हाथ में लेकर कागज में डाल देता है और जब इसे पानी से मिलाते हैं तो रिएक्शन में हाइड्रोजन गैस बनती है और काफी गर्मी के चलते कागज में अचानक आग लग जाती है. ये ठगी गैंग इसी मेथड का इस्तेमाल करता था और इसका लाइव डेमो उसने पुलिस के सामने भी कर के दिखाया.
ठगों ने आगे बताया कि इसके बाद वो महिला से आग लगे कागज को घर के बाहर या कुछ दूर पर खड़े पेड़ के पास फेंक कर आने को कहते थे और इस दौरान घर की सारी कीमती चीजों को उतारकर आग के पास रखने को कहते थे ताकि उससे नजर उतारी जा सके. कुछ महिलाएं ऐसा करती थी लेकिन कुछ नहीं करती थी लेकिन जब वो ऐसा कर राख को पेड़ के पास फेंकने जाती तो ये गैंग वहां रखे गहने और पैसे लेकर फरार हो जाता था.
पुलिस ने 5 आरोपी किए गिरफ्तार
गौरतलब है कि पुलिस ने इस मामले में कुल 5 आरोपियों को दबोचा है जो जादू-टोने के जरिए घर की परेशानियों को दूर करने का हवाला देकर महिलाओं के साथ ठगी करते थे. आपको बता दें कि महिलाओं के साथ ठगी का ये मामला कोई पहली घटना नहीं है लेकिन इन सबसे बचने का सबसे आसान तरीका लोगों को जागरुक करना है.