फूड पॉइजनिंग या कुछ और? ग्रेटर नोएडा में मासूम भाई-बहन की मौत, एक ही थाली से परिवार ने खाया था खाना
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में घर का खाना खाने के बाद दो मासूम भाई-बहन की 12 घंटे के भीतर मौत हो गई.
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कस्बे में हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. एक ही परिवार के पांच लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. मामले में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है.
परिवार के सवालों ने बढ़ाई रहस्य की परत
मृत बच्चों के चाचा विकास तोमर का कहना है कि जिस भोजन को फूड पॉइजनिंग की वजह बताया जा रहा है, वही खाना परिवार के अन्य सदस्यों ने भी खाया था. परिवार के अनुसार सुबह दूध और ब्रेड, दोपहर का सामान्य भोजन और शाम को पास्ता बनाया गया था. इसके साथ पपीता और चीकू भी खाया गया. चाचा का कहना है कि बच्चों के पिता और अन्य सदस्य भी वही भोजन करने के बावजूद पूरी तरह सुरक्षित हैं. ऐसे में केवल दो बच्चों और उनकी मां की तबीयत बिगड़ना परिवार को समझ नहीं आ रहा. यही वजह है कि अब परिजन इस मामले को सिर्फ फूड पॉइजनिंग मानने को तैयार नहीं हैं और पूरी जांच की मांग कर रहे हैं.
कुछ घंटों में उजड़ गया परिवार
रविवार देर रात करीब 11 बजे बच्चों की हालत अचानक खराब होने लगी. पहले उल्टियां हुईं और फिर उनकी स्थिति तेजी से बिगड़ती चली गई. आठ वर्षीय दीपांशी को तड़के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि छह वर्षीय प्रिंस की हालत भी गंभीर हो गई. उसे भी अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.
Also Read
- गोरखपुर में कल 5 घंटे गुल रहेगी बिजली, बक्शीपुर-दीवान बाजार समेत इन इलाकों में रहेगा शटडाउन
- यूपी कैबिनेट की प्रयागराज में होगी विशेष बैठक, CM योगी संग 54 मंत्री त्रिवेणी संगम में लगाएंगे आस्था की डुबकी
- UP: BSA ऑफिस में एंटी करप्शन का छापा, स्कूल मान्यता के नाम पर 10 हजार घूस लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार
जांच रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर
घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस दोनों सक्रिय हो गए हैं. घर से खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं. पुलिस को बच्चों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिल चुकी है लेकिन उसमें मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया. इसी वजह से दोनों बच्चों का बिसरा सुरक्षित रखकर प्रयोगशाला भेजा गया है. दूसरी ओर बच्चों की मां रूबी अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.