यौन उत्तेजना बढ़ाने वाली दवा खाकर किया गर्लफ्रेंड का रेप, दोबारा संबंध बनाने से मना करने पर कर दी हत्या
रक्षाबंधन पर गुड़गांव से घर लौट रही दलित युवती की फिरोजाबाद के एक होटल में हत्या कर दी गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रेप और हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया है.
गुड़गांव की एक ई-कॉमर्स कंपनी में कार्यरत 22 वर्षीय दलित युवती रक्षाबंधन पर अपने गांव लौट रही थी. रास्ते में उसके परिचित 23 वर्षीय युवक (जो उसका प्रेंमी बताया जा रहा है) ने अपने जन्मदिन का हवाला देकर उसे 26 अगस्त को फिरोजाबाद के एक होटल में मिलने के लिए राजी कर लिया. आरोपी युवती को उसके घर जाने से रोककर होटल ले गया, जहां उसने नशीली व उत्तेजक दवा का सेवन कर युवती के साथ जबरदस्ती यौन उत्पीड़न किया.
विरोध करने पर हत्या
पुलिस जांच के अनुसार, 27 अगस्त की तड़के आरोपी ने युवती पर दोबारा शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया. जब पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर में गंभीर चोट लगना और अंदरूनी रक्तस्राव बताया गया है.
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से महिला का मोबाइल फोन और यौन उत्तेजना बढ़ाने वाली दवा बरामद की. पुलिस ने कहा कि आरोपी ने दवा लेने और महिला का रेप करने का जुर्म कबूल कर लिया है.
Also Read
पुलिस ने केस दर्ज कर भेजा जेल
घटना के बाद पीड़िता के पिता की शिकायत पर शिखोहाबाद थाने में एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से मृतका का मोबाइल व दवा की गोलियां बरामद कीं. आरोपी पर बीएनएस (BNS) की धारा 103(1) (हत्या), 64(1) (दुष्कर्म) और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है.
सह-आरोपी की तलाश जारी
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों और मृतका ने 12वीं कक्षा तक साथ पढ़ाई की थी. बाद में युवती ने बीएससी और नर्सिंग का कोर्स पूरा कर नौकरी शुरू की थी. पुलिस अब वारदात में मदद करने वाले 24 वर्षीय सह-आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.