आगरा: आगरा के बिजली घर चौराहे स्थित शिवाजी मार्केट में मंगलवार देर रात कपड़े की एक दुकान में आग लगने से हड़कंप मच गया. रात करीब 11 बजे हुई इस घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है.
जानकारी के अनुसार आग सदर क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी अली की कपड़े की दुकान में लगी. दुकान से उठती तेज लपटों को देखकर आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई. बाजार में मौजूद लोगों को डर था कि आग तेजी से फैलकर अन्य दुकानों तक पहुंच सकती है, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था.
#AgraNews : बिजलीघर स्थित शिवाजी मार्केट के सामने बनी दुकानों में आग लग गई। शुरुआत रेडीमेट गारमेंट की दुकान से हुई। बताया जा रहा है कि मार्केट बंद होने के बाद व्यापारी दुकानों को बंद करके अपने-अपने घरों को जा चुके थे। देखते ही देखते ही आग ने विकराल रूप ले लिया। @Uppolice #Agra pic.twitter.com/ArU2PAhSqS
— Journalist Ravendra kumar (@Chhotukingoffi1) June 23, 2026
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के व्यापारियों ने तत्काल अपनी दुकानों का सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर रखना शुरू कर दिया. इससे संभावित नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सका. स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया और प्रशासन को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई. दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया. करीब 30 मिनट की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है.
स्थानीय निवासी राजकुमार ने बताया कि आग रेलवे पुल के पास स्थित दुकान में लगी थी. आग की लपटें देखकर लोगों में भय का माहौल बन गया था. बाजार में लगातार दुकानें होने के कारण सभी को चिंता थी कि कहीं आग दूसरी दुकानों तक न पहुंच जाए. इसी वजह से एहतियात के तौर पर पुलिस ने इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद करा दी थी.
रकाबगंज थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है. हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है.