menu-icon
India Daily

CM योगी का 3 दिवसीय दौरा, गोरखपुर-बस्ती मंडल को मिलेंगी करोड़ों की परियोजनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 जून से तीन दिन तक गोरखपुर और बस्ती मंडल के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह गोरखपुर, संतकबीरनगर और देवरिया में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
CM योगी का 3 दिवसीय दौरा, गोरखपुर-बस्ती मंडल को मिलेंगी करोड़ों की परियोजनाएं
Courtesy: ANI

उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे. इस दौरान गोरखपुर, संतकबीरनगर और देवरिया में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और जनकल्याण से जुड़े आयोजन शामिल हैं. दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों में करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे. इसके साथ ही शिक्षा, पोषण और संगठनात्मक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे. प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां कर ली हैं.

गोरखपुर में आधुनिक रसोई का होगा उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर के चिलुआताल क्षेत्र में अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा स्थापित अत्याधुनिक केंद्रीयकृत रसोई का उद्घाटन करेंगे. इस रसोई की क्षमता एक लाख बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने की है. यहां आधुनिक मशीनों के जरिए स्वच्छ और पौष्टिक भोजन तैयार किया जाएगा.

संतकबीरनगर को मिलेगी 224.79 करोड़ की सौगात

मुख्यमंत्री धनघटा क्षेत्र के बसवारी गांव स्थित बाबा बैजूनाथ धाम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. यहां 224.79 करोड़ रुपये की लागत वाली 65 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा. इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है.

देवरिया में भी विकास कार्यक्रम

26 जून को मुख्यमंत्री देवरिया के बरांव स्थित खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. यहां विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे. इसके अलावा लाभार्थियों से संवाद और अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियां भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगी.

भाजपा प्रशिक्षण अभियान में होंगे शामिल

27 जून को मुख्यमंत्री गोरखपुर में भाजपा महानगर द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ करेंगे. कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा. मुख्यमंत्री का संबोधन भी प्रस्तावित है.

पीलीभीत दौरे की भी तैयारी

गोरखपुर और बस्ती मंडल के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री का पीलीभीत दौरा भी प्रस्तावित है. प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. हालांकि दौरे की अंतिम तिथि अभी तय नहीं की गई है. अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम 28 या 29 जून को आयोजित हो सकता है.