'एक छोटी गलती पड़ सकती है भारी...', बिजली और बाढ़ के खतरे पर सीएम योगी का अलर्ट; जनता से की ये खास अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से बारिश और चातुर्मास के दौरान सतर्क रहने की अपील की है. चलिए जानते हैं उन्होंने और क्या-क्या सावधानी बरतने की सलाह दी है.

Pinterest
Km Jaya

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बारिश के मौसम और चातुर्मास के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षा ऋतु नई शुरुआत, पोषण और समृद्धि का संदेश लेकर आती है, वहीं चातुर्मास का पवित्र समय प्रकृति के साथ सामंजस्य, संयम और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश का मौसम जहां प्रकृति को नई ऊर्जा देता है, वहीं कुछ चुनौतियां भी साथ लेकर आता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं को गंभीरता से लें और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें.


सीएम योगी ने क्या दी चेतावनी?

सीएम योगी ने विशेष रूप से चेतावनी दी कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए, क्योंकि बिजली गिरने की स्थिति में यह बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. उन्होंने नागरिकों से मौसम संबंधी चेतावनियों और प्रशासन की सलाह का पालन करने का आग्रह किया.

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में नदियों और जलाशयों के बढ़ते जलस्तर को लेकर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा कि अत्यधिक वर्षा के कारण कई बार नदियों और जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में लोगों को नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में नहाने या उनके आसपास जाने के दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए.

सीएम योगी ने क्या बताया?

सीएम योगी ने बताया कि राज्य सरकार ने मानसून के दौरान संभावित आपदाओं और चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं. संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

उन्होंने कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन नागरिकों का सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है. लोगों की सतर्कता और जागरूकता से ही जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है.

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से क्या की अपील?

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे मौसम से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें. साथ ही किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करें.

उन्होंने कहा कि नागरिकों का सहयोग और सावधानी ही सरकार के प्रयासों को सफल बनाएगी और सभी मिलकर सुरक्षित एवं स्वस्थ मानसून का अनुभव कर सकेंगे.