menu-icon
India Daily

जनता दर्शन से श्रीराम वाटिका तक, सीएम योगी ने जिस बच्ची का कराया था स्कूल में दाखिला उसी के हाथों कराया लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद में श्रीराम वाटिका का उद्घाटन उस बच्ची वांची और उसकी बहन आची के हाथों कराया, जिसका स्कूल में दाखिला उन्होंने पिछले वर्ष जनता दर्शन के दौरान सुनिश्चित कराया था.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
जनता दर्शन से श्रीराम वाटिका तक, सीएम योगी ने जिस बच्ची का कराया था स्कूल में दाखिला उसी के हाथों कराया लोकार्पण
Courtesy: @CMOfficeUP X Account

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद दौरे के दौरान एक ऐसा भावुक पल साझा किया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. करीब एक वर्ष पहले जनता दर्शन में स्कूल में दाखिले की गुहार लेकर पहुंची छह वर्षीय वांची इस बार मुख्यमंत्री के साथ एक विशेष अतिथि के रूप में मंच पर दिखाई दी. मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित श्रीराम वाटिका का लोकार्पण किसी मंत्री या अधिकारी से नहीं, बल्कि वांची और उसकी छोटी बहन आची के हाथों कराया.

यह कहानी जून 2025 में शुरू हुई थी, जब मुरादाबाद निवासी अमित कुमार अपनी बेटी वांची का स्कूल में प्रवेश कराने के लिए मुख्यमंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे थे. परिवार कई महीनों से बेटी के दाखिले के लिए प्रयास कर रहा था, लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामला सुनते ही अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. 

कब हुआ था दाखिला?

उसी दिन आरटीई के तहत प्रक्रिया पूरी कर वांची का दाखिला मुरादाबाद के सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल में करा दिया गया. यह मामला उस समय काफी चर्चा में रहा था. करीब एक साल बाद मुख्यमंत्री की वांची से दोबारा मुलाकात हुई लेकिन इस बार परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी थीं. मुरादाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वांची और उसकी बहन आची को अपने पास बुलाया और दोनों बच्चियों से फीता कटवाकर श्रीराम वाटिका का उद्घाटन कराया. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस अनोखे पल का तालियों से स्वागत किया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल होने लगा.

इस परियोजना का क्या होगा लाभ?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान 365 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया. इन परियोजनाओं में शहरी विकास, सड़क, सार्वजनिक सुविधाओं, आधारभूत ढांचे और विरासत संरक्षण से जुड़े कई कार्य शामिल हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और सांस्कृतिक विरासत दोनों को समान प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है.

अपने संबोधन में सीएम ने क्या कहा?

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास कार्यों, रोजगार और कानून व्यवस्था का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पिछले वर्षों में विकास और निवेश के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है. सरकार ने युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने का काम किया है और प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.

मुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ नेता दाऊ दयाल खन्ना को श्रद्धांजलि देते हुए घोषणा की कि मुरादाबाद के लाइनपार क्षेत्र का नाम बदलकर "दाऊ दयाल खन्ना नगर" रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि यह निर्णय उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से लिया गया है.