menu-icon
India Daily

इस बार सिर्फ भाई की कलाई पर न बांधें राखी! CM योगी ने बताई त्योहार की असली भावना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन को स्नेह और विश्वास का पर्व बताते हुए बहनों-बेटियों के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील की. उन्होंने सुरक्षा कर्मियों के प्रति आभार जताने को भी कहा.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
इस बार सिर्फ भाई की कलाई पर न बांधें राखी! CM योगी ने बताई त्योहार की असली भावना
Courtesy: ANI

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेशवासियों के नाम संदेश साझा किया. उन्होंने त्योहार को केवल भाई की कलाई पर राखी बांधने तक सीमित न रखते हुए इसे स्नेह, विश्वास और जिम्मेदारी से जुड़ा पर्व बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों और बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा को लेकर समाज को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए. उन्होंने लोगों से सुरक्षा कर्मियों के प्रति सम्मान जताने और स्थानीय स्तर पर तैयार राखियों को बढ़ावा देने की भी अपील की.

रक्षाबंधन को बताया विश्वास का पर्व

राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रक्षाबंधन परिवारों को जोड़ने और समाज में अपनापन बढ़ाने वाला त्योहार है. उनके अनुसार राखी का धागा भाई-बहन के रिश्ते में स्नेह और भरोसे का प्रतीक है. इस अवसर पर लोगों को यह भी याद रखना चाहिए कि बहनों और बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा की जिम्मेदारी केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है.

महिलाओं की सुरक्षा पर सरकार का जोर

CM ने अपने संदेश में कहा कि संवेदनशील शासन की पहचान लोगों की सुरक्षा से होती है. उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने पिछले साढ़े नौ सालों में बहनों और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दी है. उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने की जिम्मेदारी सरकार के साथ समाज की भी है और इस दिशा में सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए.

सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील

योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि राखी के धागे से जुड़े सुरक्षा के भाव को अपने व्यवहार का हिस्सा बनाएं. उन्होंने लोगों से हर बहन और बेटी के सम्मान की रक्षा करने का संकल्प लेने को कहा. मुख्यमंत्री के संदेश में रक्षाबंधन को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने पर विशेष जोर रहा, ताकि त्योहार का संदेश परिवार से आगे पूरे समाज तक पहुंचे.

सुरक्षा कर्मियों के प्रति जताएं आभार

उन्होंने लोगों से पुलिसकर्मियों, सुरक्षा जवानों और आपदा राहत दलों में काम करने वाले कर्मचारियों की कलाई पर राखी बांधने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि ऐसा करके उनके प्रति अपनापन और आभार व्यक्त किया जा सकता है. साथ ही उन्होंने लोगों से स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाई गई राखियों और उपहारों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया, जिससे स्थानीय स्तर पर काम करने वालों को भी प्रोत्साहन मिले.