बरेली में प्रेमी युगल की दर्दनाक मौत, परिवार के विरोध के बीच उठाया खौफनाक कदम
बरेली के भोजीपुरा में एक प्रेमी जोड़े को उनके परिवार से रिश्ते का समर्थन नहीं मिला जिस कारण उन्होंने जहर खा कर अपनी जान गंवा दी. युवती की तो मौके पर ही मौत हो गई जबकि युवक ने अस्पताल दम तोड़ दिया.
हमारे देश में आज भी प्रेम करना किसी गुनाह से कम नहीं माना जाता है. दरअसल ऐसा इस लिए कहा जा रहा क्योंकि उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जिसने सबको झकझोरकर रख दिया है. शादी के सपने संजो रहे एक युवा प्रेमी जोड़े की जिंदगी उस समय खत्म हो गई, जब परिवारों की असहमति और सामाजिक दबाव के बीच दोनों ने आत्महत्या का कदम उठाया.
मामला भोजीपुरा थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, एक 18 वर्षीय युवती और 21 वर्षीय युवक लंबे समय से एक दूसरे को जानते थे और दोनों शादी करना चाहते थे. हालांकि, रिश्तेदारी और परिवार की आपत्ति के कारण दोनों के संबंध को स्वीकृति नहीं मिल पाई. इसी वजह से दोनों ने जहर खाकर अपनी जान दे दी.
परिवार की असहमति बनी बड़ी वजह
जानकारी के मुताबिक, दोनों के रिश्ते की जानकारी परिवारों को पहले से थी. परिजन इस संबंध के खिलाफ थे और लगातार उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे थे. हालांकि परिवार द्वारा दोनों के रिश्ते को मंजूरी नहीं मिली, जिस कारण वे मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे थे.
Also Read
- यूपी में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के नियम बदल गए, 21 दिन की समयसीमा चूके तो देना पड़ सकता है जुर्माना
- यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले शुरू हुई राज्यसभा की अंदरूनी जंग, कई दिग्गजों की सीट पर मंडरा रहा खतरा!
- 'तलाक दे देता तो नहीं जाती मेरे लाल की जान...', पिता का छलका दर्द; प्रेम संबंध छिपाने के लिए प्रेमी से कराई बेटे की हत्या
खेत में पहुंचे और बिगड़ी तबीयत
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शनिवार सुबह युवती युवक के घर पहुंची थी. इसके बाद दोनों गांव के बाहर एक खेत की ओर चले गए. कुछ समय बाद उनकी हालत गंभीर होने की सूचना स्थानीय लोगों को मिली. मौके पर पहुंचने पर युवती मृत मिली, जबकि युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी भी जान नहीं बच सकी.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी.
गांव में शोक का माहौल
इस घटना के बाद दोनों परिवारों और पूरे गांव में शोक की लहर है. स्थानीय लोग इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बता रहे हैं. पुलिस ने यह भी बताया कि युवक से जुड़ा एक पुराना मामला रिकॉर्ड में दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिसकी अलग से जांच की जा रही है. फिलहाल अधिकारी तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रहे हैं.