menu-icon
India Daily

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: किसके पास मिले सबसे ज्यादा रुपये? पुलिस की जांच में चौंकाने वाले खुलासे

अयोध्या राम जन्मभूमि दान चोरी मामले में पुलिस ने 79.85 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है. सबसे ज्यादा रकम अविनाश शुक्ला के पास मिली. सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है.

KanhaiyaaZee
राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: किसके पास मिले सबसे ज्यादा रुपये? पुलिस की जांच में चौंकाने वाले खुलासे
Courtesy: Social Media

अयोध्या: अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर से जुडे दान चोरी प्रकरण में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पुलिस ने करीब 79 लाख 85 हजार 493 रुपये की नकदी बरामद की है. बरामदगी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की गई कुल राशि कितनी थी और उसका उपयोग किन-किन माध्यमों से किया गया.

यह मामला सामने आने के बाद धार्मिक और सामाजिक स्तर पर भी व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद धनराशि और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.

अविनाश शुक्ला के पास से मिली सबसे अधिक रकम

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में सबसे अधिक धनराशि अविनाश शुक्ला के पास से बरामद हुई. पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से कुल 20 लाख 40 हजार रुपये मिले हैं. इनमें से 12 लाख रुपये उसके कमरे से बरामद किए गए, जबकि शेष 8 लाख रुपये उसके भाई ने पुलिस को सौंपे.

अधिकारियों का मानना है कि इस रकम की बरामदगी मामले की जांच में अहम कडी साबित हो सकती है. पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि धनराशि को कहां और किस उद्देश्य से रखा गया था.

अन्य आरोपियों से भी लाखों रुपये बरामद

पुलिस के अनुसार लव कुश मिश्रा के पास से 14 लाख 25 हजार रुपये बरामद किए गए हैं. वहीं करुणेश पांडे के कब्जे से 18 लाख 7 हजार रुपये मिले हैं. इसके अलावा अनुकल्प मिश्रा के पास से 16 लाख 82 हजार रुपये बरामद होने की जानकारी सामने आई है.

जांच एजेंसियों का कहना है कि बरामद की गई रकम का पूरा लेखा-जोखा तैयार किया जा रहा है ताकि धन के स्रोत और उसके वितरण की स्थिति को स्पष्ट किया जा सके.

कई अन्य आरोपियों से भी हुई नकदी की बरामदगी

मामले में गिरफ्तार राम शंकर यादव और टीनू के पास से कुल 10 लाख रुपये बरामद हुए हैं. वहीं राम शंकर मिश्रा के कब्जे से 7 लाख 32 हजार रुपये मिलने की पुष्टि हुई है. इसके अतिरिक्त मनीष यादव के पास से 2 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और बरामद धनराशि को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है.

मामले के हर पहलू की हो रही जांच

राम जन्मभूमि मंदिर से जुडे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और संबंधित एजेंसियां प्रत्येक पहलू की जांच कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि बरामदगी के बाद अब यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि चोरी की गई पूरी राशि का पता लगाया जा सके.

जांच के दौरान वित्तीय लेन-देन, आरोपियों की भूमिका और धनराशि के उपयोग से जुडे बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. पुलिस का दावा है कि मामले में आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं.