‘पुष्पा’ स्टाइल में शराब तस्करी! आलू की बोरियों के नीचे छिपी मिली ₹2.31 करोड़ की खेप

चंदौली में पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में पंजाब से बिहार ले जाई जा रही 925 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई. करीब 2.31 करोड़ रुपये की खेप आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी.

social media
Kuldeep Sharma

चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है. संयुक्त अभियान के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई. तस्कर ने शराब को आलू की बोरियों के नीचे छिपाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की, लेकिन उसकी योजना नाकाम हो गई.

पुलिस की सतर्कता से खुला राज

मंगलवार को औद्योगिक नगर चौकी क्षेत्र के मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाइवे पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान वाराणसी की दिशा से आ रहे एक ट्रक को रोकने का संकेत दिया गया. पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से भागने का प्रयास किया. हालांकि, पहले से सतर्क पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया. शुरुआती जांच में ट्रक में आलू की बोरियां दिखाई दीं, लेकिन गहन तलाशी के दौरान पूरा मामला सामने आ गया.

आलू के नीचे छिपी थी करोड़ों की शराब

तलाशी में पाया गया कि आलू की बोरियों के नीचे 925 पेटियां अवैध अंग्रेजी शराब की रखी गई थीं. बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 8222.8 लीटर बताई गई है. जांच के दौरान पेटियों पर “For Sale in Punjab Only” लिखा मिला, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह खेप पंजाब से बिहार भेजी जा रही थी. पुलिस के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 31 लाख रुपये है. इतनी बड़ी खेप मिलने से तस्करी के संगठित नेटवर्क की आशंका भी जताई जा रही है.


तस्कर गिरफ्तार, आगे की जांच जारी

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक मो. जबीर (52) को गिरफ्तार कर लिया. वह जम्मू के बक्शी नगर क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है. आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब की इस खेप के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं और इसे बिहार में किस नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था. इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है.