लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को अपना 53वां जन्मदिन उत्साह और समर्थकों के भारी जमावड़े के बीच मनाया. राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय में सुबह से ही कार्यकर्ताओं और नेताओं का तांता लगा रहा. प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों समर्थकों ने अपने नेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और पूरे परिसर को उत्सव के माहौल में बदल दिया.
सपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में केक काटा. जन्मदिन समारोह के दौरान उन्हें फूलों के गुलदस्ते, स्मृति चिह्न और अन्य उपहार भेंट किए गए. कई नेताओं ने उन्हें चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित भी किया.
समारोह के दौरान अखिलेश यादव को एक तलवार भेंट की गई. इसके बाद उन्होंने उसी तलवार से केक काटा, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गईं. केक कटने के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच उन्हें केक खिलाने और बधाई देने की होड़ दिखाई दी.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आज अपने जन्मदिन पर तलवार से केक काटा। बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे। pic.twitter.com/Asop2lm195
— Rajesh Sahu (@askrajeshsahu) July 1, 2026
कार्यक्रम स्थल पर समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद थी. पार्टी कार्यकर्ताओं में अपने नेता से मिलने और हाथ मिलाने का उत्साह साफ नजर आया. सुरक्षा व्यवस्था के बीच भी समर्थक अखिलेश यादव की एक झलक पाने के लिए उत्सुक दिखाई दिए.
जन्मदिन के अवसर पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने अपने खास अंदाज में मीडिया के सवालों का जवाब दिया. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उनका जन्मदिन साल में कई बार आ जाता है. जब भी केक या लड्डू खाने का मन होता है, वह दिन जन्मदिन जैसा ही लगता है.
उनकी इस टिप्पणी पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों के बीच हंसी और तालियों का माहौल बन गया. सपा प्रमुख का यह हल्का-फुल्का अंदाज कार्यकर्ताओं को भी खूब पसंद आया.
जन्मदिन समारोह के दौरान समाजवादी पार्टी ने अपने डिजिटल सदस्यता अभियान को भी आगे बढ़ाया. इस मौके पर चर्चित सोशल मीडिया व्यक्तित्व अंजलि मैसी को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई. वह पार्टी के डिजिटल एप की पहली सदस्य भी बनीं.
अखिलेश यादव ने कहा कि अंजलि मैसी ने उन्हें भंडारे में आमंत्रित किया था और उनका आतिथ्य किया था. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उस घटना के बाद अंजलि को सामाजिक और राजनीतिक दोनों तरह का नुकसान उठाना पड़ा. इसी वजह से पार्टी ने उन्हें डिजिटल सदस्यता अभियान की शुरुआत के लिए चुना.
समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने केवल लखनऊ ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कई जिलों में भी अखिलेश यादव का जन्मदिन उत्साह के साथ मनाया. विभिन्न स्थानों पर केक काटे गए, सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और जरूरतमंदों के बीच भोजन व अन्य सामग्री वितरित की गई.
लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के अंत में अखिलेश यादव ने सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.