रक्षाबंधन को किया शर्मसार! भाई ने डेढ़ लाख में किया बहन का सौदा, पांच दिन बंधक बनाकर हुआ दुष्कर्म
उदयपुर में एक शादीशुदा युवती ने अपने चचेरे भाई पर उसे बहला फुसलाकर अहमदाबाद ले जाने और कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये में एक फैक्ट्री कर्मचारी को सौंपने का आरोप लगाया है. पीड़िता के अनुसार, अहमदाबाद में उसे पांच दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
राजस्थान के उदयपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि एक शादीशुदा युवती को उसके ही चचेरे भाई ने बहला फुसलाकर अहमदाबाद ले जाकर डेढ़ लाख रुपये में एक फैक्ट्री कर्मचारी को सौंप दिया. इसके बाद आरोपी फैक्ट्री कर्मचारी ने युवती को अपने कमरे में करीब पांच दिन तक कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया.
पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर 25 अगस्त को अपने गांव पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने 26 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बहला फुसलाकर अहमदाबाद ले गया चचेरा भाई
ग्रामीण थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता का चचेरा भाई 19 अगस्त को उसे बहला फुसलाकर अपने साथ अहमदाबाद ले गया था. आरोप है कि युवती को यह जानकारी नहीं थी कि उसे कहां और किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा है. अहमदाबाद पहुंचने के बाद कथित तौर पर चचेरे भाई ने युवती को एक फैक्ट्री में काम करने वाले युवक के हवाले कर दिया. पुलिस के मुताबिक, इसके बदले में डेढ़ लाख रुपये लिए जाने का आरोप है. युवती को वहां छोड़ने के बाद चचेरा भाई वापस गांव लौट आया.
Also Read
कमरे में पांच दिन तक बंधक रखने का आरोप
पीड़िता के आरोप के अनुसार, अहमदाबाद में फैक्ट्री कर्मचारी ने उसे अपने कमरे में बंधक बनाकर रखा. आरोप है कि इस दौरान युवती को बाहर जाने नहीं दिया गया और करीब पांच दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया गया. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलने में कामयाब हुई. इसके बाद वह 25 अगस्त को अपने गांव पहुंची और परिजनों को पूरी घटना के बारे में बताया. परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और 26 अगस्त को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
चचेरे भाई से पूछताछ कर रही पुलिस
थानाधिकारी गोपाल सिंह मीणा के अनुसार, मामले में पीड़िता के चचेरे भाई की भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती को अहमदाबाद ले जाने के पीछे क्या योजना थी और कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये के लेन देन में कौन कौन लोग शामिल थे. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने युवती को फैक्ट्री कर्मचारी के हवाले किस परिस्थिति में किया और क्या इस पूरी घटना में अन्य लोगों की भी भूमिका है.
पुलिस के मुताबिक, मामले में दुष्कर्म का मुख्य आरोपी फिलहाल अहमदाबाद में मौजूद है. उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम भेजने की तैयारी की जा रही है. जांच टीम आरोपी के ठिकाने का पता लगाने और पीड़िता द्वारा बताए गए घटनाक्रम की पुष्टि करने में जुटी है. पुलिस अहमदाबाद पहुंचकर आरोपी से पूछताछ करेगी और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाएगी.