30 हजार दो और पेपर ले जाओ, NEET री एग्जाम से पहले बड़ा खेल; वीडियो कॉल पर दिखा प्रश्न पत्र

अजमेर में नीट यूजी री एग्जाम से पहले कथित प्रश्न पत्र बेचने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है. वीडियो कॉल पर प्रश्न पत्र दिखाकर छात्र से 30 हजार रुपये मांगे गए. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

X
Babli Rautela

नीट यूजी 2026 री एग्जाम से ठीक पहले राजस्थान के अजमेर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक छात्र को वीडियो कॉल कर कथित तौर पर प्रश्न पत्र दिखाया गया और बदले में 30 हजार रुपये की मांग की गई. घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार साइबर ठगों ने एक छात्र से संपर्क कर दावा किया कि उनके पास नीट री एग्जाम का प्रश्न पत्र मौजूद है. आरोप है कि वीडियो कॉल के दौरान छात्र को कथित प्रश्न पत्र भी दिखाया गया और परीक्षा से पहले उसे उपलब्ध कराने के बदले 30 हजार रुपये की मांग की गई.

छात्र नेता ने दर्ज कराई शिकायत

डीएवी कॉलेज छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और एबीवीपी सदस्य कृष्ण सिंह ठाकुर ने इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने पुलिस को बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सौंपी है. शिकायत के मुताबिक ठगों ने कॉलेज के एक छात्र को निशाना बनाया था जो नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा है.

क्यूआर कोड भेजकर मांगे पैसे

शिकायत में दावा किया गया है कि ठगों ने एक क्यूआर कोड भी भेजा और भुगतान करने के बाद प्रश्न पत्र देने का भरोसा दिलाया. कृष्ण सिंह ठाकुर का कहना है कि उन्हें भी उसी मोबाइल नंबर से कॉल आया था, जिससे छात्र से संपर्क किया गया था. उन्होंने सभी उपलब्ध साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस मोबाइल नंबर, वीडियो कॉल रिकॉर्ड, क्यूआर कोड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि परीक्षा से पहले छात्रों को ठगने के लिए इस तरह के फर्जी दावे किए जा सकते हैं.


छात्रों को सतर्क रहने की सलाह

पुलिस और परीक्षा एजेंसियों ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें. प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने या परीक्षा में सफलता दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों से सावधान रहने की सलाह दी गई है. गौरतलब है कि नीट यूजी 2026 की मूल परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी. विवाद के बाद पुनर्परीक्षा आयोजित की जा रही है. परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, जैमर, वीडियोग्राफी और सघन जांच जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं लागू की गई हैं ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके.

पुलिस ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या ऑफर की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें और किसी भी प्रकार के लालच में न आएं.