Bigg Boss 20

मां-बहन की हत्या के बाद बेटे ने दी जान, सुसाइड नोट में बताया- 'मरने की वजह मोबाइल में है'

जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी मां और बहन की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली. मृतकों की पहचान सरोज देवी, शिवांगी और लकी के रूप में हुई है.

Pinterest
Km Jaya

राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी मां और बहन की हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. एक ही कमरे में परिवार के तीन सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. 

घटनास्थल पर दीवार पर चिपके एक कागज ने पुलिस को मोबाइल फोन की जांच करने का इशारा दिया. कागज पर लिखा था- 'मरने का कारण मोबाइल में है.' जब पुलिस ने युवक का मोबाइल खंगाला तो उसमें एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें परिवार में मानसिक बीमारी का जिक्र किया गया था.

एक ही कमरे में मिले मां, बेटे और बेटी के शव

यह घटना जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी की है. कांवटिया सर्किल के पास एचडीएफसी बैंक के नजदीक स्थित एक मकान में तीन लोगों के शव बरामद किए गए. मृतकों की पहचान सरोज देवी, उनकी बेटी शिवांगी और बेटे लकी के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, यह वारदात 26 नवंबर की बताई जा रही है, जबकि शुक्रवार सुबह तीनों की मौत की जानकारी सामने आई.


बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह सरोज देवी के पिता दीप तिवारी ने पड़ोसियों को फोन किया. उन्होंने बताया कि परिवार का कोई भी सदस्य फोन नहीं उठा रहा है. इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों से घर जाकर पता लगाने की अपील की. एक पड़ोसी जब मकान पर पहुंचा तो अंदर एक कमरे में तीनों के शव पड़े मिले. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

दीवार पर मिला कागज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल पर कमरे की दीवार पर एक कागज चिपका हुआ मिला. इस पर लिखा था, 'मरने का कारण मोबाइल में है.' इस संदेश के बाद पुलिस ने युवक लकी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी जांच की.

मोबाइल में मिले सुसाइड नोट में परिवार के सदस्यों को मानसिक बीमारी होने का जिक्र किया गया था. नोट में लिखा था कि उनके परिवार में इस तरह की बीमारी मौजूद है. कुछ साल पहले इसकी जांच भी करवाई गई थी, जिसमें बीमारी के लक्षण सामने आए थे. हालांकि, पुलिस अभी इस नोट की सत्यता और उसमें लिखी बातों की जांच कर रही है.

परिवार की पृष्ठभूमि खंगाल रही पुलिस

पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि लकी के पिता ने भी कुछ साल पहले आत्महत्या कर ली थी. बताया जा रहा है कि उन्होंने मानसिक बीमारी के चलते यह कदम उठाया था. अब बेटे के मोबाइल में मिले सुसाइड नोट में भी मानसिक बीमारी का जिक्र सामने आने के बाद पुलिस परिवार की पुरानी परिस्थितियों की जांच कर रही है. जांच अधिकारी इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि परिवार में पहले से किसी तरह की बीमारी का इलाज चल रहा था या नहीं. साथ ही, मोबाइल में मिले नोट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है.

घर में ही रहता था परिवार

पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला है कि परिवार के सदस्य ज्यादातर समय घर के अंदर ही बिताते थे. वे बहुत कम बाहर निकलते थे. लकी वर्क फ्रॉम होम जॉब करता था, जिसके चलते उसका अधिकतर समय घर पर ही बीतता था. आसपास के लोगों के मुताबिक, परिवार की बाहरी लोगों से ज्यादा बातचीत भी नहीं होती थी.