बारात पहुंची तो दुल्हन के घर पर लटका था ताला, भरतपुर में दिनभर चला हाई वोल्टेज ड्रामा; पुलिस ने ऐसे संभाली स्थिति

भरतपुर में दूल्हा बारात लेकर पहुंचा तो दुल्हन का घर बंद मिला और परिवार गायब था. बाद में पुलिस और ग्रामीणों की मध्यस्थता से समझौता हुआ और दोनों की शादी संपन्न कराई गई. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

भरतपुर: राजस्थान के भरतपुर जिले में शादी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. हरियाणा के पलवल से बारात लेकर पहुंचे दूल्हे को उस समय बड़ा झटका लगा, जब दुल्हन के घर पहुंचने पर वहां ताला लटका मिला. दुल्हन और उसका परिवार घर से गायब था, जिससे बारातियों और दूल्हे के परिवार में हड़कंप मच गया.

जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय करण की शादी सोनू नाम की युवती से 19 जून को तय थी. दोनों की मुलाकात पंजाब में नौकरी के दौरान हुई थी और बाद में दोनों ने शादी करने का फैसला किया. शुरुआत में दोनों परिवार भी इस रिश्ते के लिए तैयार थे.

कब शुरू हुआ विवाद?

बताया गया कि शादी से दो दिन पहले विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि युवती के भाई ने पैतृक जमीन अपने नाम करवाने के लिए उस पर दबाव बनाया. उसने शर्त रखी कि यदि युवती जमीन पर अपना दावा छोड़ देगी तभी शादी होने दी जाएगी. युवती ने इसका विरोध किया.


इसके बाद मामला और उलझ गया. आरोप है कि युवती के भाई ने दूल्हे के परिवार तक यह संदेश पहुंचाया कि युवती की उम्र 32 साल है, जबकि करण की उम्र 22 साल है, इसलिए यह शादी नहीं हो सकती. हालांकि दूल्हे के परिवार ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया और शादी की तैयारियां जारी रखीं.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

इसी बीच युवती ने भी दूल्हे को फोन कर शादी से इनकार कर दिया लेकिन तब तक करण बारात लेकर भरतपुर के लिए रवाना हो चुका था. जब बारात दुल्हन के घर पहुंची तो वहां सन्नाटा पसरा हुआ था और मुख्य दरवाजे पर ताला लगा मिला.

स्थिति को देखते हुए दूल्हा और उसके परिजन जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी. पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया और गांव के प्रमुख लोगों के साथ मिलकर दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की.

करीब एक दिन तक चली बातचीत और समझाइश के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया. इसके बाद दुल्हन पक्ष सामने आया और शादी की रस्में पूरी कराई गईं. अंततः दूल्हा-दुल्हन विवाह बंधन में बंध गए और बारात खुशी-खुशी वापस लौट गई.