तरनतारन में घरेलू विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, फाड़ी ASI की वर्दी; 2 घयाल
तरनतारन के गांव सोहल में घरेलू विवाद की शिकायत पर पहुंची पुलिस टीम पर कथित तौर पर नशे में धुत व्यक्ति ने हमला कर दिया. घटना में एक ASI और एक कांस्टेबल घायल हुए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी.
पंजाब के तरनतारन जिले में घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर कथित हमले का मामला सामने आया है. गांव सोहल में एक युवती की शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी, जहां परिवार के बीच विवाद चल रहा था.
पुलिस के अनुसार हालात को शांत कराने की कोशिश के दौरान आरोपित ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई की. इस घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जबकि आरोपित मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में लगातार कार्यवाही कर रही है.
ऑनलाइन शिकायत के बाद पहुंची पुलिस
SSP सुरेंद्र लांबा के अनुसार गांव सोहल निवासी सिमरन ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में कहा गया कि उसके पिता नशे की हालत में परिवार के सदस्यों से गाली-गलौज कर रहे हैं और उन्हें कमरे में बंद कर दिया है. सूचना मिलते ही थाना झब्बाल की पुलिस मौके के लिए रवाना हुई.
Also Read
परिवार को बचाने के दौरान हुआ हमला
पुलिस के मुताबिक एएसआई प्रगट सिंह के नेतृत्व में टीम जब मौके पर पहुंची तो आरोपित प्रभजीत सिंह परिवार के सदस्यों के साथ हाथापाई कर रहा था. पुलिस ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान आरोपित कथित तौर पर उग्र हो गया और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया.
ASI की वर्दी फटी, कांस्टेबल घायल
जांच के अनुसार हमले में एएसआई प्रगट सिंह की वर्दी फट गई और उनकी पगड़ी भी उतर गई. वहीं पुलिस टीम में शामिल कांस्टेबल कुलदीप सिंह पर भी हमला किया गया, जिससे उनके हाथ की एक अंगुली में चोट आई. दोनों घायल पुलिसकर्मियों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई.
अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी सुखबीर सिंह, थाना प्रभारी बलजिंदर सिंह बाजवा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपित वहां से फरार हो चुका था. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की जांच शुरू कर दी.
आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने एएसआई प्रगट सिंह के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. एसएसपी ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि उसके ठिकाने का जल्द पता लगाया जा सके.