भाभी-जीजा को जिंदा जलाया, CCTV फुटेज ने खोला राज! तरनतारन में परिवारिक कलह ने ली जो जिंदगी

पंजाब के तरनतारन में पत्नी को मायके से घर ले जाने पहुंचे युवक पर उसके साले ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी. बीच-बचाव करने आई भाभी भी आग की चपेट में आ गई. दोनों की मौत हो गई. पूरी घटना अब सीसीटीवी फुटेज में सामने आई है.

Pinterest
Meenu Singh

पंजाब के तरनतारन जिले में पारिवारिक विवाद ने बेहद दर्दनाक मोड़ ले लिया. पत्नी को मायके से वापस लाने पहुंचे युवक की उसके ससुराल पक्ष से कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि साले ने कथित तौर पर अपने ही जीजा पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. बीच-बचाव करने आई भाभी भी लपटों की चपेट में आ गई. दोनों की मौत हो गई. अब इस पूरी घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला फिर चर्चा में है.

13 जून को हुई दर्दनाक वारदात

पुलिस के अनुसार यह घटना 13 जून को तरनतारन के गांव संघा में हुई. अमृतसर के गांव लोपोके निवासी लवप्रीत सिंह अपनी पत्नी संदीप कौर को मनाकर घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी ससुराल वालों से बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण बन गया और आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए.

विवाद के बीच पेट्रोल डालकर लगाई आग

पुलिस के मुताबिक बहस बढ़ने पर लवप्रीत का साला साजन सिंह पेट्रोल की बोतल लेकर आया और उसने अपने जीजा पर पेट्रोल डाल दिया. इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उसकी भाभी मनजीत कौर पर भी पेट्रोल गिर गया. आरोप है कि गुस्से में साजन सिंह ने लाइटर जलाया, जिससे दोनों आग की चपेट में आ गए. आरोपी भी झुलस गया.


अस्पताल में दोनों ने तोड़ा दम

घटना के बाद मौजूद लोगों ने तुरंत लवप्रीत सिंह और मनजीत कौर को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस को सूचना मिलने के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया. झुलसे आरोपी का इलाज कराया गया और स्वस्थ होने के बाद उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

सामने आए करीब एक मिनट के सीसीटीवी फुटेज में लवप्रीत और साजन सिंह के बीच बहस और धक्का-मुक्की दिखाई देती है. इसके बाद आरोपी पेट्रोल डालता है और लाइटर जलाकर आग लगा देता है. आग लगने पर लवप्रीत खुद को बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ता है और पास की नाली में कूद जाता है, लेकिन आग नहीं बुझती. वहीं मौजूद एक व्यक्ति आरोपी की आग कपड़े से बुझाते हुए भी दिखाई देता है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है. अधिकारियों के अनुसार उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है. इस घटना ने पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है.