पंजाब कांग्रेस में घमासान के बीच अमित शाह से मिले सांसद रंधावा, बयान से बढ़ीं सियासी चर्चाएं
पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक फैसलों के बाद असंतोष बढ़ता दिख रहा है. इस बीच सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अमित शाह से मुलाकात कर कानून व्यवस्था पर चर्चा की, जबकि चरणजीत सिंह चन्नी ने समर्थकों की अहम बैठक बुलाई.
चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस के भीतर संगठनात्मक फैसलों को लेकर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं. अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने के निर्णय के बाद कई वरिष्ठ नेताओं ने नाराजगी जाहिर की है. इसी बीच कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की समर्थकों के साथ बैठक ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है.
कांग्रेस सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि बातचीत का मुख्य विषय पंजाब की बिगड़ती कानून व्यवस्था था. सूत्रों के अनुसार, इस बैठक की व्यवस्था राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने कराई थी. रंधावा ने मुलाकात को पूरी तरह राज्य के सुरक्षा मुद्दों से जुड़ा बताया.
सीमावर्ती जिलों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया
रंधावा ने बताया कि उन्होंने पहले प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को पत्र लिखकर गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन और पठानकोट जैसे सीमावर्ती जिलों की स्थिति से अवगत कराया था. उन्होंने पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद, नार्को टेररिज्म, गैंगस्टरों की गतिविधियों, जबरन वसूली और पुलिस के कथित राजनीतिक इस्तेमाल जैसे गंभीर मुद्दों पर चिंता जताई. उनका कहना था कि इन मामलों पर केंद्र सरकार का ध्यान जरूरी है.
Also Read
कांग्रेस में फैसलों पर बढ़ा असंतोष
रंधावा ने कांग्रेस संगठन में हालिया नियुक्तियों पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि कई दौर की बैठकों के बाद भी यदि नेताओं और कार्यकर्ताओं में असंतोष बना हुआ है तो यह पार्टी के लिए चिंताजनक स्थिति है. उनके अनुसार, संगठनात्मक निर्णय ऐसे होने चाहिए जिनसे सभी वर्गों का विश्वास मजबूत हो और चुनाव से पहले एकजुटता बनी रहे.
चन्नी ने समर्थकों की बुलाई बैठक
इधर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मोरिंडा स्थित अपने आवास पर समर्थक नेताओं की बैठक बुलाई. बैठक में भारत भूषण आशु समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. राजनीतिक हलकों में इस बैठक को कांग्रेस के भीतर चल रही रणनीतिक चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि बैठक के बाद नेताओं ने पार्टी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई.
भाजपा ने दिया खुला संदेश
रंधावा और अमित शाह की मुलाकात पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा एक बड़ा परिवार है और जो भी पार्टी में आना चाहे उसका स्वागत है. उन्होंने यह भी कहा कि सांसदों के बीच दिल्ली में मुलाकात होना सामान्य बात है. उनके अनुसार, रंधावा किसी जरूरी विषय को लेकर गृह मंत्री से मिलने गए होंगे.