Asian Games 2026 BRICS 2026

Punjab Weather: पंजाब में उमस और गर्मी से लोग परेशान, जानें कब से हैं बारिश के आसार

पंजाब में मानसून फिलहाल कमजोर बना हुआ है और एक जुलाई से अब तक सामान्य से 33 प्रतिशत कम बारिश हुई है. शनिवार को आठ जिलों में गर्मी और उमस का यलो अलर्ट जारी किया गया है.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

चंडीगढ़: पंजाब में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है. राज्य में एक जुलाई से अब तक सामान्य से 33 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में जहां सामान्य रूप से 86.2 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, वहीं केवल 58.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है. बारिश की कमी के कारण लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.

मौसम विभाग ने शनिवार 18 जुलाई के लिए राज्य के आठ जिलों में गर्म और उमस भरे मौसम को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में दोपहर के समय तेज धूप और अधिक उमस रहने की संभावना है. विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे तक मौसम में खास राहत मिलने के आसार नहीं हैं. हालांकि 20 जुलाई से राज्य के कुछ हिस्सों में मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है.

कितना था तापमान?

शुक्रवार को पंजाब का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा फरीदकोट में 40.8 डिग्री, फाजिल्का में 38.9 डिग्री, फिरोजपुर में 37.8 डिग्री और अमृतसर में 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.


अन्य प्रमुख शहरों में चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री, पटियाला 38.4 डिग्री, लुधियाना 36.6 डिग्री, जालंधर 36.3 डिग्री और रूपनगर 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. शुक्रवार को अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहा. हालांकि पठानकोट में 8 मिलीमीटर और आसपास के क्षेत्रों में 3.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

किन जिलों में जारी हुआ अलर्ट?

शनिवार को जिन आठ जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है उनमें फाजिल्का, फिरोजपुर, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, फरीदकोट, मोगा और बरनाला शामिल हैं. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है.

आने वाले दिनों कैसा रहेगा मौसम?

रविवार 19 जुलाई को पूरे पंजाब में किसी भी प्रकार का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है. हालांकि कुछ स्थानों पर हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन व्यापक बारिश की संभावना नहीं है.

20 और 21 जुलाई को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में गरज चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है. बारिश होने पर तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.