पंजाब पुलिस का नाइट ऑपरेशन शुरू, ड्रोन-ड्रॉपिंग पर सख्ती
पुलिस के मुताबिक ड्रोन गतिविधियां ज्यादा होने वाले इलाकों में रात के समय सख्त नाकाबंदी लगाई जाएगी. सुबह चार बजे के बाद खुफिया जानकारी के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाए जाएंगे. संदिग्ध लोगों और वाहनों की गहन जांच की जाएगी. शुक्रवार देर रात डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने खुद अचानक चेकिंग की और टीमों को सख्त निर्देश दिए.
अमृतसर: पाकिस्तान से आने वाले ड्रोन, नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी रोकने के लिए पंजाब पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में बड़ा नाइट ऑपरेशन शुरू कर दिया है. बॉर्डर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस के मुताबिक ड्रोन गतिविधियां ज्यादा होने वाले इलाकों में रात के समय सख्त नाकाबंदी लगाई जाएगी. सुबह चार बजे के बाद खुफिया जानकारी के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाए जाएंगे. संदिग्ध लोगों और वाहनों की गहन जांच की जाएगी. शुक्रवार देर रात डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने खुद अचानक चेकिंग की और टीमों को सख्त निर्देश दिए.
अमृतसर देहात में सुरक्षा कड़ी
Also Read
अमृतसर देहात के संवेदनशील गांवों जैसे घरिंडा, लोपोके, अजनाला और अन्य सीमा से सटे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है. इन गांवों में नए हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. लाइव मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए ड्रोन और संदिग्ध हलचलों पर लगातार नजर रखी जा रही है.
पुलिस अब हिस्ट्रीशीटरों, नशा तस्करों और आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों की सूची तैयार कर रही है. उनके घरों की तलाशी ली जाएगी और मोटरसाइकिल, कार, ट्रैक्टर समेत सभी वाहनों के कागजात चेक किए जाएंगे. अगर कोई वाहन चोरी का निकला या बिना पंजीकरण का पाया गया तो तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हर हफ्ते होंगे अचानक अभियान
डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि ड्रोन से भेजे गए नशा और हथियार अक्सर चोरी के वाहनों या बिना कागजात वाले साधनों से आगे पहुंचाए जाते हैं. इसलिए इस बार वाहन जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने कहा- 'हमारा लक्ष्य सीमा सुरक्षा को और मजबूत करना है. हम संदिग्ध गतिविधियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे.'