Asian Games 2026

पंजाब कांग्रेस की बैठक में हंगामा, चन्नी के नारों से गरमाया माहौल; भूपेश बघेल की दो टूक

मानसा में कांग्रेस की बैठक के दौरान नारेबाजी और बयानबाजी से माहौल गरमा गया. भूपेश बघेल ने अनुशासन पर सख्त संदेश दिया, जबकि सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह का भावुक संबोधन चर्चा का केंद्र रहा.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

चंडीगढ़: पंजाब में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने मानसा में "हर बूथ कांग्रेस मजबूत" अभियान के तहत अहम बैठक आयोजित की. बैठक का मकसद संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना था, लेकिन कार्यक्रम के दौरान नारेबाजी और बयानबाजी ने राजनीतिक माहौल गर्मा दिया. इस बीच वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने पार्टी अनुशासन पर सख्त संदेश दिया, जबकि दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह के भावुक संबोधन ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस में अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी नेता पार्टी लाइन से हटकर काम करेगा या अनुशासन तोडेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. बघेल ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार बूथ स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है और कार्यकर्ताओं का उत्साह सकारात्मक संकेत दे रहा है.

चुनावी तैयारी पर कांग्रेस का जोर

भूपेश बघेल ने बताया कि अभियान के तहत तीन दिनों में छह जिलों का दौरा पूरा किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि पंजाब के करीब 24 हजार बूथों पर नियुक्तियां की गई हैं ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके. उन्होंने यह भी दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी और राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार के प्रति लोगों में नाराजगी है, जिसका राजनीतिक लाभ कांग्रेस को मिल सकता है.

नारेबाजी से गरमाया माहौल

बैठक के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए. इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि कार्यकर्ता अपनी ही पार्टी के नेता के समर्थन में नारे लगा रहे हैं. हालांकि बाद में कथित रूप से "बिकाऊ माल बाहर जाओ" कहे जाने पर कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हो गई. वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया.

विरोधियों पर लगाया माहौल बिगाडने का आरोप.

राजा वडिंग ने आरोप लगाया कि विरोधी दलों से जुडे कुछ लोग कांग्रेस के कार्यक्रमों का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील की और कहा कि संगठन को कमजोर करने के प्रयास सफल नहीं होंगे. उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी एकजुट होकर आगामी चुनाव की तैयारी करेगी.

बलकौर सिंह का भावुक संबोधन

बैठक में सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा कि उनका परिवार पीढियों से कांग्रेस से जुडा रहा है और उन्हें अपनी निष्ठा साबित करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि उनके बेटे की लोकप्रियता आज भी लोगों के दिलों में कायम है. बलकौर सिंह ने दावा किया कि सिद्धू मूसेवाला कभी नहीं हारे और न ही कभी हारेंगे, क्योंकि लोगों का प्यार आज भी उनके साथ बना हुआ है.