सीएम भगवंत मान को कोर्ट से मिली राहत, नाजर सिंह मानशाहिया मामले में टली सुनवाई; जानें अगली तारीख

भगवंत मान को मानहानि मामले में राहत मिली है और अदालत ने सुनवाई 20 मई तक टाल दी है. साथ ही सरकार विश्वास मत पेश कर सकती है. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

@BhagwantMann X account
Km Jaya

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को मानहानि मामले में मानसा अदालत से राहत मिली है. पूर्व विधायक नाजर सिंह मानशाहिया द्वारा दायर केस में अदालत ने सुनवाई को 20 मई तक स्थगित कर दिया है. मुख्यमंत्री की ओर से पेश वकील ने अदालत में बताया कि वह विशेष विधानसभा सत्र में व्यस्त हैं, जिसके चलते व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हो सकते.

मानसा अदालत में इस मामले की सुनवाई 1 मई को निर्धारित थी और अदालत ने पहले ही मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए थे. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया था कि अनुपस्थित रहने पर उनकी जमानत रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है. हालांकि मुख्यमंत्री की ओर से दाखिल अर्जी को स्वीकार करते हुए अदालत ने नई तारीख तय कर दी.

क्या है पूरा मामला?

यह मामला उस समय का है जब नाजर सिंह मानशाहिया ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को लेकर मानहानि की याचिका दायर की थी. इस केस में पहले भी कई बार अदालत में पेशी के आदेश दिए जा चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री अब तक व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित नहीं हुए हैं.

मुख्यमंत्री के वकील ने अदालत को क्या बताया?

मुख्यमंत्री के वकील ने अदालत को बताया कि राज्य विधानसभा का विशेष सत्र चल रहा है, जिसमें उनकी उपस्थिति आवश्यक है. इस कारण वे अदालत में पेश नहीं हो सके. अदालत ने इस दलील को उचित मानते हुए सुनवाई को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया. अब इस मामले की अगली सुनवाई 20 मई को होगी, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं.

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने क्या कहा?

इसी बीच पंजाब की राजनीति में एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. सरकार आज विधानसभा में विश्वास मत पेश कर सकती है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि उनकी सरकार को सदन के अंदर और बाहर पूरा समर्थन प्राप्त है और फ्लोर टेस्ट की कोई आवश्यकता नहीं है.

उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी के पास 94 विधायक हैं और हाल ही में पारित बजट को लगभग सर्वसम्मति से मंजूरी मिली है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वह सदन में बहुमत साबित करने के लिए तैयार हैं.