Punjab Weather: तपती गर्मी के बीच अमृतसर और लुधियाना में बारिश से मिली राहत, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
पंजाब में रविवार शाम मौसम ने करवट ली. अमृतसर और लुधियाना के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.
चंडीगढ़: रविवार शाम अमृतसर और लुधियाना के कई इलाकों में हुई बारिश और बादलों की आवाजाही ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई. पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और उमस के बीच बदले मौसम ने लोगों को राहत का अहसास कराया.
दिनभर बादल छाए रहने और बारिश होने के कारण तेज धूप का असर कम रहा. इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार जिले का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
बारिश के बाद कैसी थी स्थिति?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 22 से 24 जून तक अमृतसर और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. विभाग का कहना है कि इस दौरान मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है. फिलहाल अमृतसर के लिए किसी प्रकार का मौसम संबंधी अलर्ट जारी नहीं किया गया है.
Also Read
कल कैसा था मौसम?
वहीं लुधियाना में रविवार को दिनभर गर्मी और उमस का असर बना रहा. गुरदेव नगर, सराभा नगर और आसपास के क्षेत्रों में हुई बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी. हालांकि शहर के कुछ इलाकों में बारिश नहीं हुई, लेकिन तेज हवाओं और बादलों के कारण तापमान में कमी महसूस की गई. मौसम के इस अचानक बदलाव से लोगों को राहत मिली और वातावरण में ठंडक घुल गई.
मौसम विभाग ने क्या बताया?
मौसम विभाग ने पहले ही आने वाले दिनों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी. विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पंजाब के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदलता रह सकता है.
बारिश और बादलों की गतिविधियों के कारण तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है. इससे किसानों, व्यापारियों और आम लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. हालांकि लोगों को बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने और मौसम विभाग के अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.