चिन्नी के बाद ससुर को भी मरवाने का था प्लान, चार्जशीट ने खोला अमरीन का राज
चंडीगढ़ के चिन्नी हत्याकांड की चार्जशीट में पुलिस ने दावा किया है कि मुख्य साजिशकर्ता अमरीन कौर राय अपने ससुर त्रिलोक सिंह राय को भी मरवाना चाहती थी.
चंडीगढ़: चंडीगढ़ के चर्चित चिन्नी हत्याकांड की पुलिस चार्जशीट में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के अनुसार हत्या की साजिश रचने वाली सेक्टर-35 निवासी अमरीन कौर राय अपने ससुर त्रिलोक सिंह राय को भी मरवाना चाहती थी. संपत्ति विवाद के चलते अमरीन ने चिन्नी और अपने ससुर दोनों को रास्ते से हटाने के लिए गैंगस्टर लक्की पटियाल से संपर्क किया था.
मुल्लांपुर निवासी प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह नागरा उर्फ चिन्नी कुबाहेड़ी की हत्या 18 मार्च को सेक्टर-9 स्थित जिम के बाहर कर दी गई थी. पुलिस के मुताबिक इस मामले की साजिश में अमरीन की भूमिका सामने आई है. पुलिस को दिए अमरीन के कथित कबूलनामे और हत्या में शामिल शूटर राजन उर्फ पीयूष पहलवान के बयान में भी ससुर की हत्या की साजिश का जिक्र है.
किसी एक को मरवाने की बात
शूटर राजन ने पुलिस को बताया कि अमरीन ने लक्की पटियाल से कहा था कि या तो चिन्नी को मरवा दे या उसके ससुर को. अमरीन का अपने ससुर के साथ जमीन-जायदाद को लेकर विवाद चल रहा था. इसी दौरान अमरीन ने चिन्नी से मुल्लांपुर में साढ़े आठ एकड़ जमीन खरीदी थी.
Also Read
बाद में जमीन को लेकर अमरीन और चिन्नी के बीच भी विवाद हो गया. चिन्नी ने अमरीन के ससुर त्रिलोक सिंह से संपर्क किया. इसके बाद ससुर ने अमरीन पर जमीन वापस चिन्नी को बेचने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. अमरीन को डर था कि इससे उसके हाथ से जमीन निकल जाएगी.
करोड़ों की संपत्ति को लेकर था विवाद
अमरीन ने पुलिस को बताया कि उसके ससुर का कहना था कि संपत्ति उन्होंने बनाई है और उनके जीवित रहते वह किसी को नहीं देंगे. वर्ष 2024 में उन्होंने जीरकपुर में रमाडा होटल के पास करीब डेढ़ एकड़ जमीन 34 से 35 करोड़ रुपये में बेची थी. इसके बाद दोनों बेटों को नौ-नौ करोड़ रुपये दिए गए.
पुलिस के अनुसार अमरीन ने अपने पति के हिस्से में मिले नौ करोड़ रुपये से मुल्लांपुर में साढ़े आठ एकड़ जमीन खरीदी थी. यह जमीन उसे चिन्नी ने दिलवाई थी. बाद में जमीन की रजिस्ट्री और कीमत को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. अमरीन को पता चला कि चिन्नी ने कथित तौर पर जमीन उसे बाजार भाव से काफी अधिक कीमत पर बेची थी.
इंटरनेट मीडिया के जरिए गैंगस्टर से संपर्क
पुलिस के अनुसार चिन्नी और ससुर को रास्ते से हटाने के लिए अमरीन ने लक्की पटियाल से संपर्क करने की कोशिश की. इस काम में हर्षप्रीत सिंह उर्फ हर्ष सोहाणा ने उसकी मदद की. हर्ष ने इंटरनेट मीडिया के जरिए लक्की पटियाल से संपर्क कराया.
इसके बाद राजन उर्फ पीयूष पहलवान को भी इस बातचीत की जानकारी हुई. पुलिस के अनुसार डब्बा कॉल के जरिए स्पीकर पर लक्की पटियाल और अमरीन की बातचीत कराई गई, जिसे राजन ने सुना था.