जालंधर से PM मोदी का बड़ा ऐलान, कहा- BJP सरकार ही बनाएगी पंजाब को विकसित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर में 5,470 करोड़ रुपये की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. उन्होंने पंजाब में डबल इंजन सरकार की जरूरत बताते हुए विकास, रोजगार, किसानों और युवाओं के लिए भाजपा सरकार का समर्थन करने की अपील की.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के जालंधर दौरे के दौरान राज्य के विकास को लेकर बड़ा संदेश दिया. उन्होंने 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करते हुए कहा कि पंजाब की क्षमता को पूरी तरह आगे बढ़ाने के लिए डबल इंजन सरकार जरूरी है.
डबल इंजन सरकार पर पीएम मोदी का जोर
जालंधर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पंजाब में विकास की रफ्तार तेज करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार आवश्यक है. उन्होंने कहा कि राज्य में नई उद्योग इकाइयां लगनी चाहिए, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने चाहिए और पंजाब में बने उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंच मिलनी चाहिए. प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की कई योजनाओं को राज्य सरकार नए नाम और स्टिकर लगाकर पेश कर रही है.
उन्होंने हरियाणा और दिल्ली का उदाहरण देते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार वाले राज्यों में विकास कार्यों को नई गति मिली है. उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में किसानों को 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का लाभ मिल रहा है, जबकि पंजाब के किसानों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं.
Also Read
युवाओं, खिलाड़ियों और उद्योगों को दिया भरोसा
प्रधानमंत्री ने पंजाब के युवाओं और खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि देश में खेलों से जुड़ी नई अर्थव्यवस्था तेजी से विकसित हो रही है. उन्होंने कहा कि 'खेलो इंडिया' अभियान युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आया है और जालंधर का विश्व प्रसिद्ध खेल सामान उद्योग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. उन्होंने युवाओं से खेलों में आगे बढ़कर देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है. प्रधानमंत्री ने कहा कि पंजाब की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए केंद्र लगातार प्रयास कर रहा है और राज्य के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी.
रेलवे और सड़क परियोजनाओं को मिली नई रफ्तार
प्रधानमंत्री मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि 1,300 से अधिक स्टेशनों का विकास किया जा रहा है. उन्होंने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन सहित 75 पुनर्विकसित स्टेशनों का उद्घाटन किया और कहा कि ये स्टेशन केवल यात्रा के केंद्र नहीं, बल्कि स्थानीय संस्कृति, विरासत और व्यापार को भी बढ़ावा देंगे. उन्होंने आनंदपुर साहिब, मुक्तसर और साहिबजादा अजीत सिंह नगर रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण का भी उल्लेख किया.
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.