पटियाला में पिटबुल का खौफनाक हमला, किराए के लिए घर देख रहे पति-पत्नी को कई बार काटा, सामने आया वीडियो

पंजाब के पटियाला में किराए का घर देखने पहुंचे दंपती पर पिटबुल ने अचानक हमला कर दिया. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

X
Sagar Bhardwaj

पंजाब के पटियाला में पिटबुल के हमले का एक डरावना वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चिंता बढ़ गई है. घटना घुमन नगर क्षेत्र की बताई जा रही है. रिपोर्टों के मुताबिक पति-पत्नी एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ किराए का मकान देखने पहुंचे थे. जैसे ही उन्होंने परिसर में पहुंचकर दरवाजा खटखटाया, अंदर मौजूद पिटबुल अचानक बाहर आया और दोनों पर झपट पड़ा.

अचानक किया हमला

वीडियो में कुत्ता दंपती को लगातार काटता दिखाई दे रहा है. बताया जा रहा है कि पिटबुल ने करीब 65 सेकंड तक पति-पत्नी पर हमला किया. पति-पत्नी ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ते ने उनके शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया. दंपति की चीखें सुनकर आसपास के लोग उन्हें बचाने के लिए आए. काफी देर की मशक्कत के बाद कुत्ते ने उन्हें छोड़ा.


अस्पताल में इलाज जारी

हमले के बाद घायल दंपती को पटियाला के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि वायरल वीडियो के आधार पर सामने आने वाली जानकारियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. घटना ने पालतू कुत्तों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर उनके नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

किराए के मकान की तलाश में थे

जानकारी के मुताबिक दंपती किसी नए किराए के मकान की तलाश कर रहा था. प्रॉपर्टी डीलर के साथ वे संबंधित परिसर में पहुंचे थे. उन्हें अंदाजा नहीं था कि वहां मौजूद पिटबुल अचानक उन पर हमला कर देगा. इस घटना ने घर देखने आने वाले लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ पालतू जानवरों को खुले में छोड़ने से जुड़े जोखिम को भी सामने ला दिया है.