पटियाला के शिक्षक दिनेश कुमार को मिला राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित

पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने दिनेश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के शिक्षक समुदाय के लिए प्रेरणा का स्रोत है. मंत्री ने बताया कि ऐसे सम्मान पंजाब सरकार की उस सोच को मजबूत करते हैं, जिसमें शिक्षकों को समाज का असली निर्माता माना जाता है.

X
Antima Pal

चंडीगढ़: पटियाला शहर के सरकारी विक्टोरिया गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कार्यरत शिक्षक दिनेश कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मेहनत और समर्पण से एक नई मिसाल कायम की है. उन्हें राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए चुना गया है. यह पुरस्कार देश के उन शिक्षकों को दिया जाता है, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को नई दिल्ली में उन्हें यह सम्मान प्रदान करेंगी.

पटियाला के शिक्षक दिनेश कुमार को मिला राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार

दिनेश कुमार पिछले कई वर्षों से छात्रों के बीच गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं. उनकी शिक्षण शैली और छात्रों के प्रति लगाव ने उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार का हकदार बनाया. राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार हर साल शिक्षक दिवस पर दिया जाता है. यह सम्मान पूरे देश के शिक्षकों के लिए सबसे ऊंचे सम्मानों में गिना जाता है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित

पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने दिनेश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के शिक्षक समुदाय के लिए प्रेरणा का स्रोत है. मंत्री ने बताया कि ऐसे सम्मान पंजाब सरकार की उस सोच को मजबूत करते हैं, जिसमें शिक्षकों को समाज का असली निर्माता माना जाता है. उन्होंने कहा कि दिनेश कुमार जैसे शिक्षक न केवल छात्रों को ज्ञान देते हैं, बल्कि उनके जीवन को सही दिशा भी दिखाते हैं.


शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि यह सफलता पूरे शिक्षक वर्ग का मनोबल बढ़ाने वाली है. अन्य शिक्षक भी इससे प्रेरित होकर बेहतर काम करेंगे. पंजाब सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. ऐसे पुरस्कार इन प्रयासों को नई ऊर्जा देते हैं.

दिनेश कुमार का चयन पूरे पटियाला जिले और पंजाब राज्य के लिए गौरव की बात है. उनके स्कूल में छात्रों और सहयोगी शिक्षकों ने भी खुशी जाहिर की है. वे कहते हैं कि दिनेश सर हमेशा नवाचार और छात्र-केंद्रित तरीकों से पढ़ाते हैं. उनकी मेहनत अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचानी जा रही है.