जालंधर के मोहल्ला कच्चा क्वार्टर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. पुरानी रंजिश के चलते युवक गुलशन कुमार पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मृतक की पत्नी समीक्षा के बयान पर आठ लोगों को नामजद करते हुए हत्या का केस दर्ज किया है. घटना का CCTC फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमले की पूरी वारदात दिखाई दे रही है.
थाना डिवीजन नंबर 2 पुलिस ने समीक्षा की शिकायत के आधार पर राहुल उर्फ आंडा, उसके भाई कृष, जीजा विक्की, मनी, भूरी, अशमीत सिंह उर्फ बिल्ला जट्ट, राजन और दीपू सहित आठ आरोपियों को नामजद किया है. इसके अलावा तीन से चार अज्ञात लोगों को भी मामले में शामिल किया गया है. पुलिस के अनुसार पुरानी दुश्मनी इस वारदात की मुख्य वजह बताई जा रही है.
मृतक की पत्नी ने बताया कि राहुल उर्फ आंडा और उसके पति गुलशन कुमार के बीच पहले भी झगड़ा हो चुका था. उस मामले में दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज हुए थे. आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी अपने साथियों के साथ पहले से योजना बनाकर मौके पर पहुंचे और गुलशन पर जानलेवा हमला कर दिया.
समीक्षा के अनुसार घटना वाली रात खाना खाने के बाद गुलशन मोटरसाइकिल से बाजार के लिए निकला था. घर से कुछ दूरी पर दो कारों में आए हमलावरों ने उसे रोक लिया. आरोपियों ने धारदार हथियारों से लगातार वार किए. इतना ही नहीं हमलावरों ने बाजू के गुट और पैर काट डाले और टांगों पर गहरे जख्म पहुंचाए. वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. मृतक की पत्नी ने बताया कि 2 साल पहले यानी साल 2024 में उनकी शादी हुई थी और उनका डेढ़ साल का बेटा है.
गंभीर रूप से घायल गुलशन को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया. हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे अमृतसर रेफर कर दिया. परिवार के अनुसार रास्ते में एंबुलेंस के भीतर ही उसने दम तोड़ दिया. इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है.
घटना का CCTV फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है. फुटेज में हमलावर युवक को घेरकर हमला करते दिखाई दे रहे हैं. जांच अधिकारी हरप्रीत सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है, जबकि पीड़ित परिवार ने जल्द न्याय की मांग की है.