पंजाब में आज से वोटर लिस्ट का महा-मंथन शुरू, घर-घर आएंगे 24 हजार से अधिक BLO; नोट कर लें ये जरूरी तारीखें
पंजाब में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू हो गया है. 24 हजार से अधिक बीएलओ घर-घर पहुंचकर फॉर्म वितरित कर रहे हैं, ताकि हर पात्र नागरिक का नाम सही रूप से दर्ज हो सके.
पंजाब में वर्ष 2026 की मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की शुरुआत हो गई है. इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर नागरिकों से जानकारी जुटा रहे हैं और गणना फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया शुरू कर चुके हैं.
घर-घर पहुंच रहे बीएलओ
राज्य भर में गुरुवार से शुरू हुए इस अभियान के पहले दिन ही 24,453 से अधिक बूथ लेवल अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर गणना फॉर्म वितरित किए. चुनाव विभाग का लक्ष्य राज्य के 2.14 करोड़ से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाना है. यह अभियान 25 जून से 24 जुलाई तक चलेगा. अधिकारियों का कहना है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और सही बनाना है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने भी परिवार के साथ फॉर्म भरकर अभियान की शुरुआत की और लोगों से इसमें सक्रिय भागीदारी करने की अपील की.
फॉर्म जमा करने के कई विकल्प उपलब्ध
निर्वाचन विभाग ने नागरिकों की सुविधा के लिए कई विकल्प उपलब्ध कराए हैं. मतदाता फॉर्म भरकर सीधे बीएलओ को दे सकते हैं. इसके अलावा ऑनलाइन माध्यम भी उपलब्ध हैं. नागरिक ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और मतदाता सेवा पोर्टल के जरिए भी जानकारी जमा कर सकते हैं. अधिकारियों ने कहा है कि फॉर्म के साथ एक नई रंगीन फोटो लगानी होगी और हस्ताक्षर करके उसे जमा करना होगा. किसी घर पर ताला लगा मिलेगा तो बीएलओ फॉर्म छोड़कर अगले दौरे की जानकारी वाला स्टिकर चस्पा करेगा, ताकि परिवार बाद में प्रक्रिया पूरी कर सके.
Also Read
- आतंकी साजिश केस में हाई कोर्ट सख्त! शौर्य चक्र विजेता हत्याकांड के आरोपी को नहीं मिली जमानत
- अमृतसर में संवेदनशील इलाकों में पुलिस का फ्लैग मार्च, सर्च ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर
- 'सिलिकॉन मास्क पहनकर होटल में बनाया फेक वीडियो...', CM मान के वायरल वीडियो पर AAP का बड़ा दावा, जारी किया वीडियो सबूत
तीन बार होगा संपर्क
चुनाव विभाग ने यह सुनिश्चित करने की योजना बनाई है कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से बाहर न रह जाए. इसी कारण बीएलओ तीन बार घर-घर जाकर संपर्क करेंगे. यदि कोई व्यक्ति घर पर मौजूद नहीं है तो परिवार का कोई वयस्क सदस्य उसकी ओर से फॉर्म जमा कर सकता है. अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान के बाद 3 अगस्त को मसौदा मतदाता सूची जारी की जाएगी. इसके बाद दावों और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होगी और अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी.