दांतों से कान काटा, फिर दांत तोड़े...अवैध संबंधों के शक में युवक ने पत्नी के प्रेमी को बेरहमी से उतारा मौत के घाट
आरोपी अशोक मसीह की पत्नी का डेविड मसीह के साथ अवैध संबंध था. इसी बात को लेकर अशोक मसीह में गुस्सा था. उसने अपने बेटे अभिषेक और इमानुएल उर्फ मानी के साथ मिलकर डेविड की हत्या की साजिश रची.
पंजाब: एक अवैध संबंध की रंजिश में पति ने अपनी पत्नी के प्रेमी को बेहद बर्बर तरीके से मार डाला. आरोपी ने न सिर्फ चाकू से वार किए बल्कि दांतों से कान काट लिया और उसके दांत भी तोड़ डाले. यह घटना तरनतारन जिले के गांव भोजिया के पास हुई. मृतक की पहचान डेविड मसीह के रूप में हुई है.
युवक ने पत्नी के प्रेमी की बेरहमी से की हत्या
पुलिस के अनुसार आरोपी अशोक मसीह की पत्नी का डेविड मसीह के साथ अवैध संबंध था. इसी बात को लेकर अशोक मसीह में गुस्सा था. उसने अपने बेटे अभिषेक और इमानुएल उर्फ मानी के साथ मिलकर डेविड की हत्या की साजिश रची. घटना की जानकारी देते हुए मृतक की पत्नी रिंपी ने पुलिस को बताया कि देर शाम उनका पति डेविड मोटरसाइकिल पर अमृतसर से गांव लौट रहा था. वह और उनका बेटा सैमुएल मसीह दूसरी मोटरसाइकिल पर पीछे-पीछे आ रहे थे. जब वे गांव बोहडू से मडियाला की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से तीन लोगों की मोटरसाइकिल आई. इनमें अशोक मसीह, उसका बेटा अभिषेक और इमानुएल उर्फ मानी शामिल थे.
दांतों से कान काटा, फिर दांत तोड़े...
आरोपियों ने डेविड की मोटरसाइकिल को रोका और उन पर हमला बोल दिया. अशोक मसीह ने पहले डेविड को दांतों से काटा. उसने डेविड का एक कान दांत से काट लिया. इसके बाद उसके दांत तोड़ दिए. आरोपियों ने किरच (धारीदार हथियार) से डेविड के पेट और शरीर के दूसरे हिस्सों पर भी कई वार किए. हमले के बाद डेविड गंभीर रूप से घायल हो गया. परिवार वालों ने तुरंत डेविड को सिविल अस्पताल अमृतसर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही थाना चाटीविंड और पुलिस चौकी बोहडू की टीम मौके पर पहुंची. सब इंस्पेक्टर हरचंद सिंह के अनुसार अशोक मसीह, अभिषेक और इमानुएल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
पुलिस जांच में पता चला है कि यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई. अशोक मसीह को अपनी पत्नी के डेविड के साथ संबंधों की जानकारी थी, जिसके कारण वह नाराज चल रहा था. इस क्रूर घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. स्थानीय लोग इस बर्बर हमले से सदमे में हैं. पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.