पंजाब में मिशन रोजगार को रफ्तार, आज युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे मुख्यमंत्री भगवंत मान

पंजाब सरकार सोमवार को मोहाली में आयोजित कार्यक्रम में फॉरेस्ट एंड वाइल्डलाइफ प्रिजर्वेशन विभाग के चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेगी. सरकार का दावा है कि 2022 से अब तक 68 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं.

ANI
Shanu Sharma

पंजाब सरकार एक बार फिर रोजगार अभियान को गति देने जा रही है. सोमवार को मोहाली के विकास भवन ऑडिटोरियम में आयोजित विशेष समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान फॉरेस्ट एंड वाइल्डलाइफ प्रिजर्वेशन विभाग में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. 

सीएम मान इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले हैं. कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.

2022 से लगातार सरकारी भर्तियों पर जोर

आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद मार्च 2022 से पंजाब में सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने का अभियान लगातार जारी है. राज्य सरकार के अनुसार अब तक 68 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं.


मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का कहना है कि सभी रिक्त पदों की भर्तियां पूरी तरह मेरिट और पारदर्शिता के आधार पर की गई हैं. उनका दावा है कि अब तक किसी भी भर्ती प्रक्रिया को लेकर अदालत में विवाद नहीं पहुंचा है और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाएं भी सामने नहीं आई हैं. सरकार का लक्ष्य चरणबद्ध तरीके से सभी विभागों के खाली पदों को भरना है.

सरकारी नौकरी के लिए पंजाबी विषय जरूरी

राज्य सरकार ने अधिकांश सीधी सरकारी भर्तियों के लिए एक महत्वपूर्ण नियम भी लागू किया है. इसके तहत अभ्यर्थी का 10वीं कक्षा में पंजाबी विषय उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. यदि किसी उम्मीदवार ने मैट्रिक स्तर पर पंजाबी नहीं पढ़ी है तो उसे पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित मान्यता प्राप्त समकक्ष पंजाबी भाषा परीक्षा पास करनी होगी. इसके बाद ही वह सरकारी नौकरी के लिए पात्र माना जाएगा.

पंजाब में इस समय कई विभागों में बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है. पंजाब पुलिस में लगभग चार हजार कांस्टेबल पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.अब आगे की प्रक्रिया जारी है. स्कूल शिक्षा विभाग में 1,013 लेक्चरर पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिनकी अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है. सरकार का कहना है कि बचे हुए रिक्त पदों पर लगातार भर्ती जारी रहेगी.