लुधियाना का गैंगस्टर गिरफ्तार, हथियार भी बरामद, प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस करेगी मामले का खुलासा

पंजाब के लुधियाना जिले के गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं. पुलिस को आशंका है कि वह सिरसा में कोई अपराध करने की योजना बना रहा था. आरोपी की पहचान गौरव उर्फ गोरू बच्ची के रूप में हुई है.

X
Antima Pal

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना जिले के गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं. पुलिस को आशंका है कि वह सिरसा में कोई अपराध करने की योजना बना रहा था. आरोपी की पहचान गौरव उर्फ गोरू बच्ची के रूप में हुई है. वह लुधियाना का रहने वाला है.

लुधियाना का गैंगस्टर गिरफ्तार

पुलिस सूत्रों के अनुसार गौरव लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचता हुआ इधर-उधर घूम रहा था. वह सिरसा में किसी अपराध को अंजाम देने की फिराक में आया था. सीआईए टीम को विश्वसनीय सूत्रों से खास सूचना मिली कि गौरव सिरसा में मौजूद है. इसके आधार पर सोमवार रात को टीम ने सिरसा मंडी के पास रिलायंस पेट्रोल पंप के नजदीक छापा मारा और उसे सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया. 

हथियार भी बरामद

आरोपी के कब्जे से हथियार भी जब्त किए गए हैं. पुलिस ने तुरंत इसकी जानकारी पंजाब पुलिस को भी दे दी है. गौरव का अपना अलग गैंग बताया जा रहा है. प्राथमिक जांच में अभी तक यह सामने नहीं आया है कि उसका किसी दूसरे गैंग से सीधा संपर्क है या नहीं. सिरसा में भी उसके किसी स्थानीय अपराधी से लिंक का अभी कोई सबूत नहीं मिला है. 


पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि गौरव सिरसा क्यों आया था, यहां उसके कौन-कौन से संपर्क थे और वह किस तरह का अपराध करने वाला था. सीआईए टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. 

आज होगा खुलासा

सिरसा पुलिस आज मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का विस्तार से खुलासा करने वाली है. इसमें गिरफ्तारी की पूरी डिटेल, बरामद हथियारों की जानकारी और आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि बताई जाएगी. पुलिस अधीक्षक ने इस सफल कार्रवाई पर सीआईए टीम की सराहना की है. उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी सूरत में छूट नहीं दी जाएगी. गौरव उर्फ गोरू बच्ची पर पंजाब में पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.