खन्ना पुलिस ने जिले में तेज आवाज वाले बुलेट साइलेंसरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. इस दौरान जब्त किए गए करीब 150 अवैध साइलेंसरों को अमलोह चौक पर बुलडोजर चलाकर नष्ट कर दिया गया. अभियान एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया की निगरानी में चलाया गया. पुलिस ने सैकड़ों वाहनों के चालान भी किए और चेतावनी दी कि बुलेट से पटाखे जैसी आवाज निकालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
एसएसपी ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से बाजारों, रिहायशी इलाकों, स्कूलों और अस्पतालों के आसपास तेज आवाज वाले साइलेंसरों की शिकायतें मिल रही थीं. उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है. अब उन वर्कशॉप, गैराज और मैकेनिकों पर भी शिकंजा कसा जाएगा जो वाहनों में अवैध साइलेंसर या गैरकानूनी बदलाव करते हैं.
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज करने सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें. यदि कोई नाबालिग नियम तोड़ता मिला तो उसके अभिभावकों के खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जा सकती है.