जालंधर पुलिस की बड़ी सफलता, मात्र 2 दिन में सुलझा होम्योपैथिक क्लिनिक फायरिंग मामला, आरोपी हुआ गिरफ्तार
जालंधर पुलिस ने एक बार फिर अपनी तेज रफ्तार और कुशल जांच का परिचय दिया है. वेरका मिल्क प्लांट के पास स्थित आर्यन होम्योपैथिक क्लिनिक पर हुई फायरिंग का मामला महज दो दिन में सुलझा लिया गया है. पुलिस ने मुख्य आरोपित गुरपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.
जालंधर: जालंधर पुलिस ने एक बार फिर अपनी तेज रफ्तार और कुशल जांच का परिचय दिया है. वेरका मिल्क प्लांट के पास स्थित आर्यन होम्योपैथिक क्लिनिक पर हुई फायरिंग का मामला महज दो दिन में सुलझा लिया गया है. पुलिस ने मुख्य आरोपित गुरपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी गुरपाल सिंह जालंधर के अशोक विहार कॉलोनी में रहता है, जो वेरका मिल्क प्लांट के पास ही है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
क्या था पूरा मामला?
22 जून को डॉ. संदीप शर्मा, निवासी वीनस वैली, जालंधर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि 20 जून की रात उनकी पत्नी डॉ. विश्वजीत कौर ने सलेमपुर रोड स्थित आर्यन होम्योपैथिक क्लिनिक बंद किया था. अगले दिन 22 जून सुबह जब उनके भतीजे मोहित बावा ने क्लिनिक का शटर खोला तो अंदर का शीशा टूटा हुआ मिला. जांच में पता चला कि शीशे पर गोली लगने के निशान थे और गोली आर-पार होकर निकल गई थी. इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और तुरंत जांच शुरू कर दी.
Also Read
2 दिन में मिली सफलता
पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर राकेश कुमार की अगुवाई में मामले की गहन छानबीन की. तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों की मदद से पुलिस को मात्र 48 घंटे के अंदर आरोपी तक पहुंच मिल गई. गुरपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि जालंधर पुलिस शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अपराध को जल्द से जल्द सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस तेज कार्रवाई से लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत होगा.
आरोपी से पूछताछ जारी
पुलिस आरोपी गुरपाल सिंह से फायरिंग के पीछे का कारण और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में पूछताछ कर रही है. प्रारंभिक जांच में पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.