जालंधर में ED की बड़ी कार्रवाई, टैक्स वकील अमित बजाज के घर छापा; जानें किन मामलों में खंगाले जा रहे दस्तावेज

पंजाब के जालंधर में इनकम टैक्स, जीएसटी और वैट के जाने-माने वकील अमित बजाज के न्यू जवाहर नगर स्थित आवास पर सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने छापेमारी की.

ANI
Reepu Kumari

जालंधर के कारोबारी और कानूनी गलियारों में मंगलवार की सुबह एक बड़ी खबर ने तहलका मचा दिया. शहर के जाने-माने टैक्स वकील अमित बजाज के घर प्रवर्तन निदेशालय की टीम जा पहुंची. न्यू जवाहर नगर स्थित उनके आवास पर सुबह साढ़े आठ बजे ही ईडी ने दस्तक दे दी. यह छापा महज एक वकील तक सीमित नहीं लगता-असली सवाल यह है कि जांच की जद में कौन-कौन से बड़े नाम आएंगे.

बड़े उद्योगपतियों के टैक्स मामले देखते थे बजाज

अमित बजाज जालंधर में इनकम टैक्स, जीएसटी और वैट से जुड़े मामलों के लिए बेहद चर्चित नाम हैं. शहर के कई बड़े उद्योगपति और पूंजीपति अपने टैक्स संबंधी पेचीदा मामलों के लिए उन पर भरोसा करते थे. सूत्रों के अनुसार इन्हीं पूंजीपतियों के निवेश और टैक्स रिकॉर्ड में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की आशंका है, जिसे लेकर ईडी ने यह कार्रवाई शुरू की है.

दस्तावेज खंगाल रही है ईडी की टीम

छापेमारी के वक्त से ईडी की टीमें एडवोकेट बजाज के आवास पर डटी हुई हैं और तमाम रिकॉर्ड व दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जांच में क्या अहम सुराग हाथ लगे हैं. लेकिन इस कार्रवाई की खबर फैलते ही शहर के कारोबारी और कानूनी जगत में बेचैनी साफ दिखने लगी है.

कारोबारी जगत में हड़कंप, बड़े नामों की धड़कनें तेज

जैसे ही इस छापेमारी की सूचना फैली, जालंधर के व्यापारिक और कानूनी हलकों में खलबली मच गई. जो वकील दशकों से बड़े कारोबारियों की ढाल बने हुए थे, उनके घर ईडी का पहुंचना अपने आप में एक बड़ा संदेश है. अब यह देखना होगा कि जांच की आंच कहां तक पहुंचती है और किन बड़े नामों तक ईडी की पहुंच होती है.