'मुझे CM नहीं बनना, कांग्रेस को जिताना है', पंजाब में सियासी अटकलों के बीच राजा वड़िंग का बड़ा बयान
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री बनने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ पार्टी को सत्ता में वापस लाना है. उन्होंने पार्टी में किसी भी तरह की गुटबाजी से भी इनकार किया.
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पार्टी के भीतर चल रही कथित खींचतान की खबरों को खारिज करते हुए साफ कहा कि उनकी मुख्यमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं है. चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को दोबारा सत्ता में लाना है. वड़िंग ने कहा कि यदि कांग्रेस 2027 में सरकार बनाती है तो मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा और वह राहुल गांधी के फैसले का पूरी तरह समर्थन करेंगे.
चन्नी समर्थकों की मांग से बढ़ी सियासी हलचल
राजा वड़िंग का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने मोरिंडा में बैठक कर उन्हें पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने और 2027 विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने की मांग उठाई है. बताया जा रहा है कि करीब 20 मौजूदा और पूर्व विधायक चन्नी के समर्थन में हैं. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, चन्नी खेमे ने कांग्रेस नेतृत्व को इस मुद्दे पर दोबारा विचार करने के लिए एक सप्ताह का समय भी दिया है. हालांकि, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
Also Read
2027 चुनाव पर कांग्रेस की नजर
पंजाब में कांग्रेस 2017 से 2022 तक सत्ता में रही, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने उसे सत्ता से बाहर कर दिया. अब पार्टी 2027 के चुनाव की तैयारियों में जुटी है. ऐसे में संगठन और नेतृत्व को लेकर उठ रही चर्चाओं के बीच राजा वड़िंग का यह बयान पार्टी के भीतर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश माना जा रहा है. कांग्रेस की रणनीति अब संगठन को मजबूत कर आगामी चुनाव में वापसी पर केंद्रित दिखाई दे रही है.