पंजाब में आप का विपक्ष पर प्रहार, बलतेज पन्नू बोले- भगवंत मान सरकार को बदनाम करने में कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल जुटे

आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल पर मिलकर भगवंत मान सरकार को घेरने का आरोप लगाया.

X
Ashutosh Rai

पंजाब की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. आम आदमी पार्टी ने विपक्षी दलों पर एकजुट होकर सरकार को निशाना बनाने का आरोप लगाया है. पार्टी का कहना है कि सरकार के कामकाज का जवाब नहीं होने के कारण विपक्ष केवल राजनीतिक हमले करने में जुटा हुआ है.

विपक्ष पर एकजुट होकर राजनीति करने का आरोप

चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी के पंजाब मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि तीनों दल अब अलग-अलग नहीं, बल्कि एक ही मकसद के साथ काम कर रहे हैं. पन्नू के अनुसार कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल केवल भगवंत मान सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के पास सरकार के विकास कार्यों का कोई जवाब नहीं है, इसलिए वह लगातार आरोप लगाने की राजनीति कर रहा है. पन्नू ने यह भी कहा कि कांग्रेस इस समय अपने अंदरूनी विवादों और नेतृत्व की खींचतान से जूझ रही है, जबकि भाजपा और कांग्रेस के कई नेताओं के बीच राजनीतिक नजदीकियां भी दिखाई दे रही हैं.

सरकार की योजनाओं को बताया बड़ी उपलब्धि

बलतेज पन्नू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार की कई योजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वर्षों बाद नहरों का पानी अंतिम गांवों तक पहुंचाया गया है और किसानों को दिन के समय लगातार बिजली उपलब्ध कराई जा रही है. उनके अनुसार 600 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का लाभ बड़ी संख्या में परिवारों को मिल रहा है और अधिकतर घरों का बिजली बिल शून्य आ रहा है. उन्होंने यह भी दावा किया कि 34 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता योजना का लाभ मिल चुका है और बाकी पात्र महिलाओं को 1 अगस्त से इसका फायदा मिलेगा. पन्नू ने कहा कि सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है.


कांग्रेस और भाजपा पर लगाए नए राजनीतिक आरोप

पन्नू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी हर बड़े फैसले के लिए अपने केंद्रीय नेतृत्व पर निर्भर रहती है. उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस पहले आम आदमी पार्टी पर दिल्ली से चलने का आरोप लगाती थी. वही आज खुद अपने हाईकमान के निर्देशों पर काम कर रही है. उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात का भी जिक्र किया और कहा कि इससे कई राजनीतिक संकेत मिलते हैं. पन्नू ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक समीकरण बदल रहे हैं और कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं.