अमृतसर में माता जानकी और लव-कुश के भव्य मंदिर का होगा निर्माण, सीएम मान ने किया बड़ा ऐलान
अमृतसर में भगवान वाल्मीकि तीर्थ के निकट माता जानकी और लव-कुश के भव्य मंदिर के निर्माण की घोषणा की गई है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे पंजाब की आस्था, विरासत और धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने वाला कदम बताया.
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर में एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक पहल की घोषणा करते हुए कहा कि भगवान वाल्मीकि तीर्थ के निकट माता जानकी और लव-कुश का एक भव्य एवं विशाल मंदिर बनाया जाएगा. इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने इसे पंजाब के इतिहास और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ा एक ऐतिहासिक निर्णय बताया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लिए यह गर्व की बात है कि भगवान श्रीराम के पुत्र लव और कुश की जन्मस्थली से जुड़ी मान्यताएं इस पावन भूमि से जुड़ी हैं. करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं और आस्था को ध्यान में रखते हुए यह मंदिर विकसित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह परियोजना धार्मिक महत्व के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करेगी.
देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए बनेगा आकर्षण का केंद्र
सरकार का मानना है कि मंदिर के निर्माण के बाद अमृतसर में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी. देश और विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह स्थल प्रमुख आस्था केंद्र के रूप में उभरेगा. इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होने की उम्मीद है.
Also Read
- पंजाब की राजनीति में बड़ा भूचाल, पूर्व अकाली विधायक शिवालिक 'वारिस पंजाब दे' में शामिल; सुखबीर बादल पर उठाए सवाल
- मोगा में आवारा कुत्तों का खौफ, घर से 100 मीटर पहले मजदूर को नोचकर मार डाला; पत्नी ने सरकार से लगाई मदद की गुहार
- 'अकाल तख्त में पेश होंगे AAP के मंत्री और विधायक...', केजरीवाल के साथ हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम भगवंत मान ने कही बड़ी बात
विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना सरकार की प्राथमिकता है. यह मंदिर आने वाली पीढ़ियों को भारतीय संस्कृति, इतिहास और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेगा. उन्होंने कहा कि यह स्थल दुनिया को हमारी गौरवशाली परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहर का परिचय कराएगा.
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह परियोजना पंजाब को धार्मिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करेगी. सरकार श्रद्धालुओं की सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास पर भी विशेष ध्यान देगी, ताकि यहां आने वाले लोगों को बेहतर अनुभव मिल सके. मंदिर निर्माण को लेकर जल्द ही विस्तृत योजना तैयार की जाएगी.