गुरु नानक देव जी के विवाह पर्व पर खास सेवा, गुरदासपुर में तैयार हो रही 15 टन पारंपरिक भाजी
बटाला में श्री गुरु नानक देव जी और माता सुलखनी जी का 539वां विवाह पर्व 18 सितंबर को मनाया जाएगा. इस मौके पर जोड़ा घर सेवा सोसायटी 15 टन पारंपरिक भाजी तैयार कर रही है.
बटाला में श्री गुरु नानक देव जी और जगत माता सुलखनी जी के 539वें वार्षिक विवाह पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. 18 सितंबर को होने वाले इस धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से संगत पहुंचेगी. श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जोड़ा घर सेवा सोसायटी की ओर से करीब 15 टन पारंपरिक भाजी तैयार की जा रही है. यह प्रसाद 19 सितंबर को गुरुद्वारा श्री कंध साहिब के बाहर बांटा जाएगा. आयोजन में शामिल न हो पाने वाले श्रद्धालु भी इसे घर मंगवा सकेंगे.
15 टन भाजी में होंगी कई पारंपरिक मिठाइयां
जोड़ा घर सेवा सोसायटी के पदाधिकारियों के अनुसार भाजी बनाने की सेवा करीब 14 साल पहले चार क्विंटल से शुरू हुई थी. अब यह मात्रा बढ़कर 15 टन तक पहुंच गई है. इसमें गुने, वड़े, शक्करपारे, नमकीन मट्ठी, सीरणी, काठी और बदाना जैसी पारंपरिक चीजें शामिल हैं. मिठाई बनाने में घी, रिफाइंड और सरसों के तेल के करीब 300 पीपे इस्तेमाल किए जाएंगे.
12 कारीगर 15 दिन से कर रहे सेवा
इस बार भाजी तैयार करने के लिए टीना सोनू हलवाई के 12 कारीगर करीब 15 दिनों से जुटे हुए हैं. सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक लगातार मिठाई तैयार की जा रही है. सेवा के दौरान कारीगर जूते उतारकर और सिर ढककर काम करते हैं. 19 सितंबर की सुबह गुरुद्वारा श्री कंध साहिब में रात रुकने वाली संगत के लिए चाय का लंगर भी लगाया जाएगा.
Also Read
बस सेवा से घर तक पहुंचेगा प्रसाद
जो श्रद्धालु विवाह पर्व में नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए भी प्रसाद मंगवाने की सुविधा रखी गई है. सोसायटी की ओर से फोन नंबर जारी किए जाते हैं, जहां संपर्क कर श्रद्धालु प्रसाद की मांग कर सकते हैं. बटाला से देश के जिन हिस्सों तक बसें जाती हैं, वहां इन्हीं बसों के जरिए प्रसाद भेजा जाता है. श्रद्धालु को बस का नंबर और समय बताया जाता है और वह तय स्थान से प्रसाद मुफ्त ले सकता है.
गुरुद्वारों में भी निभाई जा रही सेवा
जोड़ा घर सेवा सोसायटी की सेवा केवल प्रसाद तैयार करने तक सीमित नहीं है. विवाह पर्व के दौरान गुरुद्वारा श्री कंध साहिब और डेहरा साहिब में रंग-रोगन, पानी की टंकियों की सफाई और सजावट जैसे काम भी किए जा रहे हैं. सोसायटी के प्रधान सुरिंदर सिंह सैनी, वरिष्ठ उपप्रधान सतनाम सिंह समर्थवाल समेत अन्य पदाधिकारी और सदस्य इन सेवाओं में सहयोग कर रहे हैं.