पंजाब में मेडिकल स्टोर मालिक के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 50 लाख की रंगदारी मांगी; CCTV में कैद हमलावर

पंजाब के बटाला में मेडिकल स्टोर मालिक के घर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी. इससे पहले मेडिकल स्टोर पर भी गोली चलाने की कोशिश हुई थी.

Pinterest
Kanhaiya Kumar Jha

चंडीगढ़: बटाला के नवरूप नगर में रविवार रात मेडिकल स्टोर मालिक के घर पर फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई. हमलावरों ने कथित तौर पर 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की है. पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. पुलिस के अनुसार, इसी दिन दोपहर को सिविल अस्पताल के सामने स्थित मेडिकल स्टोर पर भी फायरिंग की कोशिश की गई थी, लेकिन गोली नहीं चली और आरोपी वहां से फरार हो गए.

रविवार रात करीब 10 बजे अज्ञात हमलावर नवरूप नगर पहुंचे और मेडिकल स्टोर मालिक संदीप शर्मा के घर पर गोलियां चलाईं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. हमलावरों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं. पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. मामले को रंगदारी की मांग से जोड़कर भी जांच की जा रही है.

मेडिकल स्टोर पर भी की थी कोशिश

इससे पहले रविवार दोपहर हमलावरों ने सिविल अस्पताल बटाला के सामने स्थित संदीप शर्मा के मेडिकल स्टोर को निशाना बनाने की कोशिश की थी. हालांकि, फायर मिस होने के कारण गोली नहीं चल सकी. इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले. घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी है और उपलब्ध सुराग जुटाए जा रहे हैं.


लंबे समय से मिल रही धमकी

मेडिकल स्टोर मालिक संदीप शर्मा ने बताया कि उन्हें काफी समय से विदेशी नंबरों के जरिए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले फोन आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस पहले ही मामला दर्ज कर चुकी है. लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है.

पुलिस ने बढ़ाई जांच

पुलिस उपाधीक्षक तेजिंदरपाल सिंह गोराया ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि संदीप शर्मा को पहले से सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. अधिकारियों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है.