IPL 2026

अमृतसर गुरुद्वारे में बड़ा हादसा: लंगर हॉल की निर्माणाधीन छत गिरने से 2 महिलाओं की मौत, 5 घायल

अमृतसर के गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह जी में निर्माणाधीन लंगर हॉल की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया. हादसे में लंगर सेवा कर रहीं 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है.

Google
Dhiraj Kumar Dhillon

अमृतसर गुरुद्वारे में लंगर हॉल की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया. लंगर सेवा में लगी दो महिलाओं की इस हादसे में मौत हो गई. रविवार को यह हादसा गुरुद्वारा शहीद गंज बाबा दीप सिंह जी में हुआ. दरअसल लंगर हॉल अभी निर्माणाधीन था. सपोर्ट के लिए लगाई गईं लोहे की दो प्लेटें अचानक टूटकर नीचे आ गिरीं. उस समय कई महिलाएं लंगर सेवा में लगी थीं. दो महिलाओं की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर बताई जा रही हैं. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर में मातम का माहौल है. 

तत्काल शुरू हुआ बचाव कार्य

लंगर हॉल की छत गिरने के तुरंत बाद ही गुरुद्वारा परिसर में मौजूद श्रद्धालु और गुरु सेवा में जुटे लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए मलबे में फंसी महिलाओं को बाहर निकाला. सूचना पाकर पुलिस- प्रशासन के अधिकारी भी तत्काल मौके पर पहुंच गए ओर घायलों को श्री गुरु रामदास अस्पताल में भर्ती कराया गया. अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिलाओं का हाल जाना. इसके अलावा भारी संख्या में लोग भी महिलाओं का हाल जानने गुरुद्वारा परिसर और अस्पताल पहुंचे.

प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की

पुलिस अधिकारी अमनदीप कौर ने बताया कि घायल महिलाओं का श्री गुरु रामदास अस्पताल में उपचार चल रहा है. अस्पताल में सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं. घायल महिलाओं के साथ भारी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए थे, जिससे डॉक्टरों को उपचार करने में दिक्कत आ रही थी, साथ ही लोगों को अस्पताल से बाहर निकालना पड़ा ताकि उपचार में किसी तरह का व्यवधान न होने पाए. प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.