बठिंडा-चंडीगढ़ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार कार ने बाइक को रौंदा; दूधिया समेत दो लोगों की मौत
बरनाला में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद कार पेड़ से जा टकराई. हादसे में बाइक सवार और कार चालक दोनों की मौत हो गई.
पंजाब के बरनाला जिले में बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई. तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद कार पेड़ से टकरा गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी.
तेज रफ्तार ने ली दो लोगों की जान
बरनाला के मोगा पुल के पास हुए इस हादसे में एक आई-20 कार ने आगे चल रही मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई. इसके बाद कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने बाइक सवार को अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया. वहीं कार चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
दूध बेचकर लौट रहा था बाइक सवार
पुलिस के अनुसार, मृत बाइक सवार की पहचान बठिंडा के गुरसेवक नगर निवासी बूटा सिंह के रूप में हुई है. वह रोज की तरह बरनाला में दूध की सप्लाई करने के बाद अपने घर लौट रहे थे. दूसरी ओर कार चला रहे युवक की पहचान रामपुरा निवासी हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सही कारण जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं.
Also Read
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. बूटा सिंह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य बताए जा रहे हैं. उनके निधन के बाद पत्नी, बुजुर्ग मां और तीन छोटे बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं हरप्रीत सिंह की मौत से उनका परिवार भी शोक में है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं.