खरगोन में वेल्डिंग के दौरान फटा टैंकर, टूट गए आसपास के घरों के दरवाजे; 500 मीटर दूर तक उड़े परखच्चे
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के मगरखेड़ी गांव में खाली टैंकर की वेल्डिंग के दौरान भीषण ब्लास्ट हो गया. हादसे में एक ग्रामीण की मौत हो गई जबकि चालक और वेल्डर गंभीर रूप से घायल हो गए.
खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में रविवार को एक भीषण हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. मुंबई आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मगरखेड़ी गांव में एक खाली टैंकर की वेल्डिंग के दौरान जोरदार विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि टैंकर के परखच्चे करीब 500 मीटर दूर तक जा गिरे.
हादसे में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक और वेल्डर गंभीर रूप से घायल हो गए. विस्फोट से आसपास के कई मकानों के दरवाजे और खिड़कियों के कांच भी टूट गए. पास में खड़ी एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
Also Read
- पति बना प्यार की राह का कांटा, पत्नी ने प्रेमी संग रची ऐसी साजिश... 3 महीने बाद कंकाल मिलने से खुला राज
- नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से दतिया में बगावत, भाजपा जिलाध्यक्ष समेत पूरी जिला कार्यकारिणी ने दिया इस्तीफा
- इटारसी स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन की छत पर चढ़ते ही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलसा युवक
वहां मौजूद लोगों ने क्या बताया?
वहां मौजूद लोगों के अनुसार टैंकर की वेल्डिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान टैंकर के अंदर बनी गैस के कारण अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी. हादसे में टैंकर चालक विनोद, निवासी बस्ती उत्तर प्रदेश, और वेल्डर नितेश, निवासी बिहार, गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं पास में बकरी चरा रहे भीम रोकड़े विस्फोट में उड़े लोहे के टुकड़ों की चपेट में आ गए. उन्हें तुरंत ठीकरी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
प्रारंभिक जांच में क्या आया?
सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा. घायलों को अस्पताल भेजा गया और घटनास्थल को सुरक्षित किया गया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टैंकर के अंदर ज्वलनशील गैस बनने के कारण वेल्डिंग के दौरान यह हादसा हुआ. बताया गया कि टैंकर आंध्र प्रदेश से क्रूड ऑयल लेकर झाबुआ जिले के मेघनगर गया था और तेल खाली करने के बाद लौट रहा था.
बालाक्वाड़ा थाना प्रभारी ने क्या बताया?
बालाक्वाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान ने बताया कि हादसा मगारखेड़ी सर्विस रोड स्थित एक वेल्डिंग दुकान पर हुआ. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्फोट के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि यदि यह हादसा पास में लगने वाले साप्ताहिक बाजार या भीड़भाड़ वाले चौराहे पर होता, तो नुकसान और जनहानि कहीं अधिक हो सकती थी.
घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने वेल्डिंग कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है. पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.