भोपाल: देश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में पहचान बना चुके इंदौर में मानसून की पहली तेज बारिश ने नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पहली ही बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बारात को घुटनों तक भरे गंदे पानी के बीच से गुजरते हुए देखा जा सकता है. यह वीडियो नगर निगम के उन दावों पर सवाल खड़े कर रहा है, जिनमें इस बार जलभराव से राहत मिलने की बात कही गई थी.
मानसून की पहली तेज बारिश के बाद इंदौर के कई प्रमुख इलाकों की सड़कें पानी से भर गईं. जगह जगह जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा. कई इलाकों में ड्रेनेज का पानी भी सड़कों पर बहता नजर आया, जिससे हालात और खराब हो गए.
वायरल वीडियो शहर के रोबोट चौराहे के पास स्थित न्याय नगर इलाके का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार वार्ड 37 और 40 के बीच अग्रवाल शोरूम के पास से एक बारात को गुजरना था. लेकिन सड़क पर करीब एक से डेढ़ फीट तक गंदा पानी जमा हो चुका था. मजबूरी में दूल्हे और बारातियों को इसी बदबूदार पानी के बीच से आगे बढ़ना पड़ा. वीडियो में देखा जा सकता है कि दूल्हा घोड़े पर बैठा है और आसपास के हालात देखकर असहज नजर आ रहा है. वहीं बाराती, बैंड बाजा और अन्य लोग घुटनों तक भरे गंदे पानी में पैदल चलते दिखाई दे रहे हैं. इस दृश्य ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है.
मानसून शुरू होने से पहले नगर निगम ने दावा किया था कि ड्रेनेज लाइन की सफाई और सुधार का काम पूरा कर लिया गया है. अधिकारियों ने कहा था कि इस बार शहर में जलभराव की समस्या नहीं होगी. हालांकि पहली ही बारिश के बाद सामने आई तस्वीरों और वायरल वीडियो ने इन दावों की हकीकत सामने ला दी.
यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग अलग प्लेटफॉर्म पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. लोग इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि अगर शहर के प्रमुख इलाके में ऐसा हाल है, तो बाकी क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर साल बारिश से पहले बड़े बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में सड़कें जलमग्न हो जाती हैं. उनका कहना है कि ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्थायी समाधान की जरूरत है, ताकि लोगों को हर मानसून में ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े. फिलहाल इस वीडियो के वायरल होने के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. लोग उम्मीद कर रहे हैं कि संबंधित विभाग जल्द ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकालेगा, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा देखने को न मिले.